प्रयागराज ब्यूरो । करेली थाना क्षेत्र के बेनीगंज में रिटायर क्लर्क पर जानलेवा हमला किया गया। रिटायर क्लर्क से एक लाख रुपये रंगदारी मांगी गई। रंगदारी नहीं देने पर जानलेवा हमला किया गया। मामले में गंभीर रूप से घायल रिटायर क्लर्क को एसआरएन में भर्ती कराया गया है। जहां पर उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। करेली पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। आरोपितों की तलाश चल रही है।
बेनीगंज में रहने वाले नंद किशोर सीडीए पेंशन में क्लर्क थे। 2021 में वह रिटायर हुए। नंद किशोर बेनीगंज में अपनी जमीन पर निर्माण कार्य करा रहे थे। इस दौरान बेनीगंज का विष्णु सोनी अपने साथियों के साथ पहुंच गया। उसने नंद किशोर से एक लाख रुपये मांगा, नहीं देने पर मकान का काम बंद कराने की धमकी दी। नंद किशोर ने कारण पूछा तो उन पर हमला कर दिया गया। विष्णु सोनी और उसके साथ आए लोगोंं ने नंद किशोर पर लाठी डंडे से पीटना शुरू कर दिया। बीचबचाव के दौरान नंद किशोर की पत्नी प्रेमलता पर भी हमला किया गया। हमले में नंद किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नंद किशोर को एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया। मामले में करेली पुलिस ने प्रेमलता की तहरीर पर विष्णु सोनी उसके पिता दिनेश सोनी समेत कई के खिलाफ केस दर्ज किया है।