प्रयागराज (ब्‍यूरो)। जिस छात्र आशुतोष दुबे की मौत को लेकर इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में एक माह तक बवाल चला था, अब उसी छात्र की मौत का मामला एक बार फिर चर्चा में है। छात्र के पिता ने कर्नलगंज थाने में केस दर्ज कराया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि केस दर्ज कर लिया गया है, जल्द ही विवेचना पूरी की जाएगी।

घटना 11 जुलाई की है। मीडिया स्टडीज डिपार्टमेंट का स्टूडेंट आशुतोष दुबे सुबह विश्व विद्यालय पहुंचा। उसने डिपार्टमेंट में लगे वॉटर कूलर से पानी पिया। इसके बाद अचानक उसकी तबियत बिगड़ गई। छात्रों को जानकारी हुई तो मौके पर तमाम छात्र इक_ा हो गए। आशुतोष को कई छात्र प्राइवेट अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने छात्र को मृत घोषित कर दिया।

एक महीना तक चला था बवाल
छात्र आशुतोष दुबे की मौत के दूसरे दिन से विश्व विद्यालय में बवाल शुरू हो गया। छात्र नेताओं ने आशुतोष की मौत का जिम्मेदार एयू प्रशासन को ठहराया। जिसका नतीजा रहा कि छात्र और विश्व विद्यालय प्रशासन आमने सामने आ गए। मामले में एक दर्जन से ज्यादा छात्रों पर केस दर्ज किया गया। आठ छात्र गिरफ्तार कर जेल भी भेजे गए। एक महीना तक विश्व विद्यालय में पठन पाठन का माहौल बाधित रहा।

तब दर्ज नहीं किया केस
आशुतोष दुबे उतरांव थाना क्षेत्र के चांदोपारा गांव का रहने वाला था। छात्र आशुतोष की मौत के बाद उसके पिता गणेश शंकर दुबे ने कर्नलगंज थाने में विवि प्रशासन के अफसरों का नाम देते हुए तहरीर दी थी। तब कर्नलगंज पुलिस ने यह कहकर तहरीर लौटा दी कि केस अज्ञात के खिलाफ दर्ज कराया जाए। अगर विवेचना में किसी पर आरोप सिद्ध होगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। यह कहकर कर्नलगंज पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया। वहीं, अब गणेश शंकर दुबे की अज्ञात के खिलाफ तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है।

अमिताभ ठाकुर आए थे विश्वविद्यालय
छात्र आशुतोष दुबे की मौत के मामले में आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर भी विश्वविद्यालय आए थे। अमिताभ ठाकुर ने विश्व विद्यालय प्रशासन के खिलाफ धरना दिया था। जिस पर विश्व विद्यालय प्रशासन ने अमिताभ ठाकुर के खिलाफ भी कर्नलगंज थाने में तहरीर दी थी।

अध्यापकों के साथ हुई भी अभद्रता
घटना को लेकर छात्रों ने विश्व विद्यालय में जमकर बवाल काटा था। उस समय रोज विश्वविद्यालय में बवाल हो रहा था। छात्रों ने एक डिपार्टमेंट में महिला अध्यापकों से भी अभद्रता की थी। इसके बाद विश्व विद्यालय कई दिनों तक पुलिस छावनी में तब्दील रहा।

मृत छात्र आशुतोष के पिता गणेश शंकर दुबे की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दारोगा विनय कुमार सिंह को विवेचना दी गई है। जल्द ही कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की जाएगी।
बृजेश सिंह, थाना प्रभारी कर्नलगंज