बवाल व तोड़फोड़ करने वालों की पहचान के लिए पुलिस जुटा रही सीसीटीवी फुटेज

राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को काला झंडा दिखाने वाले छात्रनेता को किया गया गिरफ्तार

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: इलाहाबाद यूनिवर्सिटी छात्रसंघ कार्यक्रम में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को लखनऊ एयरपोर्ट पर रोके जाने पर कई सांसद समेत स्थानीय कार्यकर्ताओं ने शहर में जमकर बवाल काटा था। मामले में कर्नलगंज इंस्पेक्टर सतेन्द्र सिंह की तरफ से 47 नामजद व करीब ढाई सौ कार्यकर्ताओं के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया था। देर रात मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस की कई टीमों ने ताबड़तोड़ दबिश दी। हालांकि नामजद आरोपितों में से एक भी पुलिस को नहीं मिला। यही नहीं पुलिस तोड़फोड़ और आगजनी करने वालों को सीसीटीवी फुटेज के जरिए चिंहित कर रही है। जार्ज टाउन पुलिस ने बुधवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को काला झंडा दिखाकर विरोध प्रर्दशन करने वाले दो छात्र नेताओं को पकड़ा है।

छापेमारी में कोई नहीं मिला

कर्नलगंज पुलिस ने देर रात नामजद आरोपितों की तलाश में कई स्थानों पर छापेमारी की, लेकिन कोई नहीं मिला। ताबड़तोड़ छापेमारी से नामजद सपा कार्यकर्ता सकते में हैं। बुधवार को पुलिस ने बवाल वाले इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया। इनसे बवाल करने वालों की पहचान की कोशिश की जा रही है। कर्नलगंज थाने में सपा सांसद धर्मेन्द्र सिंह यादव, सांसद नगेन्द्र सिंह पटेल, जिलाध्यक्ष कृष्णमूर्ति सिंह यादव, नरेश उत्तम समेत दर्जनों कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। कर्नलगंज इंस्पेक्टर सतेन्द्र सिंह का कहना है कि नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। टीम बनाकर दबिश दी जा रही है। सीसीटीवी फुटेज दिख रहे लोगों को चिंहित किया जा रहा है।

तीन हुए गिरफ्तार

जार्ज टाउन थाने की पुलिस ने बुधवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाहर को काला झंडा दिखाकर विरोध कर रहे छात्रनेता आदिल हमजा व सौरभ सिंह राणा को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा कर्नलगंज थाने की पुलिस ने राशिद नामक युवक को इसी मामले में गिरफ्तार किया है।