केन्द्रीय मंत्री व प्रख्यात पाश्‌र्र्व गायक बाबुल सुप्रियो बोले, पश्चिम बंगाल में 2021 में होने वाले विधानसभा चुनाव में चलेगी लहर

ALLAHABAD: तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता भाजपा कार्यकर्ताओं के ऊपर लगातार हमले कर रहे हैं और हिंसा का सहारा लेते हैं। यह बहुत दिनों तक नहीं चल पाएगा। हिंसा और हमले के पीछे की मुख्य वजह यही है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा का ग्राफ धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है। ईशा अल्लाह 2021 में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा की पूर्ण सरकार बनाएगी। यह बातें केन्द्रीय मंत्री और प्रख्यात पाश्‌र्र्व गायक बाबुल सुप्रियो ने इलाहाबाद में एक समारोह में शामिल होने के दौरान पत्रकारों से कही।

तुष्टिकरण के जाल में फंसे हैं मुस्लिम

उन्होंने कहा कि सरकार के तुष्टीकरण की जाल में मुस्लिम फंसे हुए हैं लेकिन भाजपा की सरकार बनेगी तो सबसे ज्यादा विकास पश्चिम बंगाल किया जाएगा। तब वहीं मुस्लिम वर्ग को समझ में आएगा कि अभी तक हमने क्या खोया था। प्रख्यात पाश्‌र्र्व गायक सोनू निगम के अजान वाले बयान पर केन्द्रीय मंत्री ने कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया।

लोकतंत्र में ऐसे बयानों की कोई जगह नहीं

पश्चिम बंगाल में रविवार को एक सभा के दौरान राज्य इकाई के नेता श्यामपद मोंडल ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को तुष्टीकरण की राजनीति करने पर किन्नर कहा था। उनके इस बयान पर श्री सुप्रियो ने कहा कि लोकतंत्र में ऐसी बयानबाजी को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। इसकी जितनी कठोर शब्दों में निंदा की जाए वह कम है।

अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का दुरूपयोग गलत

साहित्यिक व सामाजिक संस्था कस्तूरी और दीक्षित आईवीएफ सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को मुस्कान महोत्सव-2017 का आयोजन किया गया। महोत्सव का मुख्य आकर्षण कैबिनेट मंत्री व प्रख्यात पाश्‌र्र्व गायक बाबुल सुप्रियो रहे। उन्होंने अपनी सुरीली आवाज में 'कहो ना प्यार है' और 'सांसों को सांसों में ढलने दो जरा' जैसे गीतों की प्रस्तुति देकर होटल कान्हा श्याम के सभागार में समां बांध दिया। पद्मश्री व शास्त्रीय गायिका सुनंदा शर्मा ने गायिकी से उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध किया। डॉ। श्लेष गौतम लिखित लद्यु नाटिका 'बेटियां' का मंचन युवा रंगकर्मी वरुण कुमार व जतिन कुमार के निर्देशन में किया गया।

मिला भारत गौरव सम्मान

महोत्सव के एक अन्य सत्र में सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, विशिष्ट अतिथि सांसद निशिकांत दुबे व सांसद श्यामाचरण गुप्ता ने उत्कृष्ट कार्य के लिए विशिष्टजनों को भारत गौरव सम्मान से सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में वरिष्ठ रंगकर्मी अतुल यदुवंशी, डॉ। एसएम सिंह, डॉ। अशोक अग्रवाल, संचारी संस्था व युवा कार्टूनिस्ट शिफा सिद्दीकी रहीं। संस्था के अध्यक्ष डॉ। पीयूष दीक्षित ने अतिथियों का स्वागत किया।

अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर चर्चा

अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता विषयक संगोष्ठी में बाबुल सुप्रियो ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का दुरुपयोग नहीं होना चाहिए। स्वास्थ मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि सरकार देश को बांटने की साजिश करने वालों को कामयाब नहीं होने देगी। जस्टिस अशोक कुमार ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता हमें साथ रहने और सह अस्तित्व की प्रेरणा के लिए है। सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि संवैधानिक अधिकारों का प्रयोग देश को विकास और समृद्धि के रास्तों पर ले जाने के लिए होना चाहिए।

स्वास्थ मंत्री ने किया उद्घाटन

मुंडेरा सब्जी मंडी गेट नम्बर दो के सामने दीक्षित आईवीएफ सेंटर का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रदेश के स्वास्थ मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, विशिष्ट अतिथि केन्द्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो व सांसद निशिकांत दुबे ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस मौके पर डॉ। सबिता दीक्षित, डॉ। कृष्ण सिंह, पंकज पाठक आदि मौजूद रहे।