चैथम लाइंस स्थित मकान का ताला तोड़कर दिनदहाड़े चोर समेट ले गए सामान

PRAYAGRAJ: कर्नलगंज थाने की पुलिसिंग राम भरोसे है। यहां रात के अंधेरे में ही नहीं, दिन के उजाले में भी लोगों के घर सुरक्षित नहीं हैं। चैथमलाइन निवासी लाइनमैन अखिलेश कुमार का घर दोपहर में हुई घटना से ऐसा ही कुछ संकेत मिलता है। घटना के वक्त घर खाली था। एक बेटा डयूटी पर गया था। दूसरा बेटा मां को कोविड सर्वे कराने के लिए साथ लेकर गया था। इससे दोपहर में घर पर ताला बंद था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने इसे खाली कर दिया।

छोटे बेटे संग सर्वे में गई थी मां

सिटी के चैथम लाइन निवासी अखिलेश कुमार बिजली विभाग में लाइनमैन हैं। उनकी मां आंगनबाड़ी कार्यकत्री हैं। सुबह अखिलेश ड्यूटी पर चले गए। छोटा भाई सूरज मां को ऑफिस छोड़ने के लिए चला गया। चूंकि मां सर्वे कार्य में जुटी हैं इस लिए सूरज भी उन्हीं के साथ रहा। करीब तीन बजे सूरज मां के साथ घर लौटा तो देखा तो घर का ताला टूटा हुआ था। मां बेटे घर के अंदर गए तो सारा सामान चोरी हो चुका था। आलमारी में रखे 20 हजार रुपये कैश, सोने व चांदी के कई जोड़ी गहने समेटकर चोर जा चुके थे। घर में दिनदहाड़े हुई चोरी की खबर सुन पड़ोसियों में हड़कंप मच गया। सूरज ने मामले की सूचना पुलिस को दी। बताया कि काफी देर बाद पहुंची और सरसरी तौर पर देखकर चली गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का पक्ष जानने के लिए कर्नलगंज थाने के सीयूजी नंबर पर कई दफा फोन लगाया गया। यह हमेशा बिजी बताता रहा।