प्रयागराज (ब्‍यूरो)। शहर में चारों तरफ विकास कार्य के चलते उड़ रही धूल से लोग परेशान हैं। ऊपर से नगर निगम के सफाईकर्मी कहीं दोपहर तो किसी जगह नौ दस बजे झाड़ू लगा रहे हैं। झाड़ू लगने से उडऩे वाली धूल भी लोगों के परेशानी का सबब बन रही है। सफाई कर्मियों की इस मनमानी पर विभागीय अफसर गौर नहीं फरमा रहे हैं। जिसके चलते उनका मनोबल और भी बढ़ गया है। पॉश एरिया सिविल लाइंस धरना स्थल पर दोपहर के वक्त सफाईकर्मी को झाड़ू लगाते देखकर लोग विभागीय स्थिति पर तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं।

सदन के निर्देश पर भी नहीं है गौर
नगर निगम एरिया के 80 वार्ड पुराने हैं। बीस विस्तारित क्षेत्र के वार्ड हैं। कुल मिलाकर यहां पर टोटल सौ वार्ड हैं। यहां पर सफाई व्यवस्था का एक शेडयूल निर्धारित है। पिछले सदन की बैठक में इस पर गंभीरता से चर्चा की गई थी। इसके बाद सदन ने निर्णय लिया था कि किसी भी मोहल्ले में सुबह आठ बजे के पहले झाड़ू लग जाना चाहिए। व्यापारिक एरिया जैसे कटरा व चौक इलाके में रात वक्त के वक्त ही सफाई कराई जाए। क्योंकि दुकानें बंद करने के बाद व्यापारी शॉप का निकला हुआ कचरा रोड किनारे इकट्ठा कर देते हैं। कुछ दिनों सफाई का काम ठीक चला। लोग बताते हैं कि पिछले करीब एक महीने से तेलियरगंज जोधवल इलाके में सुबह नौ बजे रोड पर झाड़ू लगाई जाती है। जब तक लोग दुकान खोल चुके होते हैं और पब्लिक भी काम धंधे को लेकर रोड पर आ चुकी होती है। ऐसे में झाड़ू से उडऩे वाली धूल उन लोगों के लिए मुसीबत का कारण बन जाती है। सिविल लाइंस धरना स्थल पर दोपहर में झाड़ू लगाई जाती है। जबकि इस समय धरना स्थल चौकी पर पुलिस के जवान और फरियादी ही नहीं, आसपास के दुकानदार भी दुकान खोल चुके होते हैं। यहां दोपहर के वक्त झाड़ू लगाए जाने से लोग परेशान होते हैं।

बेसमय झाड़ू लगाने की शिकायत वार्डों से विभाग को नहीं मिली है। यदि ऐसा है तो इसकी जांच कराई जाएगी। बेसमय झाड़ू लगाने वाले कर्मचारियों पर जांच बाद विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। झाड़ू लगाने का वार्ड वार शेडयूल जोनल कार्यालयों में भेजा गया है। उसका उल्लंघन नहीं होना चाहिए।
डॉ। अभिषेक सिंह
नगर स्वास्थ्य अधिकारी