-सटीक निकला पुलिस का दांव तो चार लोगों के कत्ल का जल्द हो सकता है खुलासा

-हिरासत में लिया गया घर छोड़ भागा होमगार्ड, दामाद सहित आधा दर्जन लोग भी हिरासत में

PRAYAGRAJ: होलागढ़ में गला रेतकर बाप, बेटे और दो बेटियों की हत्या में पुलिस खुलासे के करीब पहुंच गई है। कत्ल के राज को तलाशने में जुटी पुलिस को कई अहम क्लू मिल चुके हैं। इसकी पुष्टि के लिए उनके साक्ष्य सुबूत जुटाए जा रहे हैं। पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए करीब आधा दर्जन प्राइम सस्पेक्ट्स से पूछताछ जारी है। कत्ल का कनेक्शन मारे गए प्रिंस से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। हालांकि विभाग की तरफ से इस बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा रहा है।

भागे होमगार्ड सहित छह हिरासत में

होलागढ़ के बरई हरख मजरा शुकुल का पूरा में शनिवार को चार लोगों की गई थी। मारे गए लोगों में विमलेश पांडेय व बेटा प्रिंस एवं दो बेटियां श्रेया और सीबू शामिल थी। जबकि पत्नी रचना घायल हो गई थीं। कत्ल के बाद से ही खुलासे को लेकर एसएसपी टीम गठित कर मॉनीटरिंग में जुट गए। छानबीन शुरू हुई तो गांव के एक होमगार्ड के बेटे के पास मोबाइल होने की बात सामने आई थी। पूछताछ में उसके द्वारा मोबाइल को तालाब में फेंके जाने की बात कही गई। पुलिस तालाब में मोबाइल की तलाश की पर सफलता नहीं मिली। यह देख होमगार्ड घर छोड़कर भाग निकला। सूत्र बताते हैं कि पुलिस द्वारा भागे होमगार्ड को पकड़ लिया गया है। होमगार्ड व उसके दामाद सहित छह लोग हिरासत में लिए गए हैं। पूछताछ में इनसे कत्ल के खुलासे तक पहुंचने वाले क्लू पुलिस के हाथ लगे हैं। इस क्लू पर काम कर रही पुलिस साक्ष्य व सुबूत की तलाश में हैं। चारों के कत्ल की वजह प्रिंस से जुड़े होने की बात सूत्र बता रहे हैं। कहा जा रहा है कि मिले क्लू के ठोस सुबूत हाथ लगते ही पुलिस केस का खुलासा कर सकती है। हालांकि इस मसले में महकमें का कोई भी शख्स मुंह खोलने को तैयार नहीं है। हालांकि एडीजी प्रेम प्रकाश ने जल्द खुलासे की तरफ इशारा करते किया है। उन्होंने कहा कि साक्ष्य सुबूत तलाशे जा रहे हैं।