सोनिया के आगमन की खबर छपने पर एसपीजी ने की कांग्रेसियों से की पूछताछ

आएंगी या नहीं? इसे लेकर कायम है असमंजस की स्थिति

ALLAHABAD: सोनिया गांधी गुरुवार की रात इलाहाबाद पहुंचेंगी या नहीं? इस पर असमंजस की स्थिति बन गई है। एक्चुअली यह दौरा टॉप सीक्रेट और बेहद पर्सनल है। एसपीजी इलाहाबाद पहुंच चुकी है। ऑफिशियल कम्युनिकेशन डीएम के पास पहुंच चुका है। यह सूचना मीडिया तक पहुंची कैसे? एसपीजी बुधवार को इसी पहेली को सुलझाने में लगी रही। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता तक से पूछताछ हुई की मीडिया में मामला लीक कैसे हुआ।

कांग्रेस अध्यक्ष और जवाहरलाल नेहरू परिवार की बहू सोनिया गांधी का प्रस्तावित इलाहाबाद आगमन राजनैतिक दौरे का हिस्सा नहीं बल्कि कमला नेहरू ट्रस्ट से जुड़ी कागजी कार्रवाई पूरी करने और ट्रस्ट के योजनाओं को आगे बढ़ाने की रणनीति तय करने के लिए है। ऑफिशियली इस पर कुछ भी बोलने से कांग्रेसी कतरा रहे हैं लेकिन चर्चा रही कि कांग्रेस अध्यक्ष 12 फरवरी को दोपहर बाद इलाहाबाद पहुंचेंगी। स्वराज भवन में रहेंगी। वह कहां-कहां जाएंगी, किन लोगों से मिलेंगी? इसके बारे में किसी कांग्रेसी को कोई जानकारी नहीं है। कांग्रेस के दिग्गजों व कार्यकर्ताओं को अभी तक इस पूरे प्रोग्राम की जानकारी नहीं है। केवल इतनी ही जानकारी है कि सोनिया गांधी 12 फरवरी को इलाहाबाद पहुंच रही हैं।

दे चुकी हैं कमला नेहरू ट्रस्ट से इस्तीफा

2006 में यूपीए अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने तमाम पदों के साथ ही कमला नेहरू ट्रस्ट के चेयरपर्सन पद से भी इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद प्रियंका गांधी को कमला नेहरू ट्रस्ट के चेयरपर्सन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। लेकिन, करीब दस साल बाद प्रियंका गांधी का टेन्योर पूरा हो रहा है। इसलिए उम्मीद जताई जा रही है कि एक बार फिर सोनिया गांधी कमला नेहरू ट्रस्ट इलाहाबाद की चेयरपर्सन बन सकती हैं।

कमला नेहरू ट्रस्ट को लेकर निजी कार्यक्रम है। मिनट्स की कोई जानकारी नहीं दी गई है। आल इंडिया कांग्रेस से मांग की गई है कि सोनिया गांधी कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाएं।

-बाबा अवस्थी

प्रवक्ता, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी