प्रयागराज (ब्‍यूरो)। डेढ़ करोड के कांट्रैक्ट को लेकर दोस्ती में आई दरार कत्ल तक जा पहुंची। बीरेंद्र उर्फ बच्चा यादव के पार्टनर दोस्तों की नियत में खोट आई तो कातिल बन गए। दगेबाज दोस्त ने बुधवार की रात उसे लाइसेंसी गन से भून दिया था। जिस तरह उस पर वह गोलियां बरसाया, उससे आरोपित के मन में उसके प्रति भरे जहर का अंदाजा सहज ही सभी को लग गया। खैर मामले में बच्चा के दोनों दोस्त राजेश यादव अशोक नगर व सलोरी निवासी महेंद्र यादव नामजद किए गए। कत्ल के बाद से ही फरार दोनों आरोपितों की तलाश में जुटी पुलिस राजेश को दबोच लिया। वह पुलिस की गिरफ्त में आया तो उसके एक और गुनाह का सच बेनकाब हो गया। उसके नाम से कुल तीन लाइसेंसी गन पुलिस बरामद की। जबकि सरकार के सख्त आदेश हैं कि कोई तीन गन नहीं रखेगा। कत्ल में उसका नाम सामने आने के बाद हरकत में आई पुलिस अब राजेश यादव पर शिकंजा कसना शुरू कर दी है। सीओ कर्नलगंज द्वारा उसके तीनों लाइसेंसी असलहों को कैंसिल करने की रिपोर्ट डीएम को भेजी गई है। कहा यह जा रहा है कि महेंद्र की गिरफ्तारी के बाद उसके असलहे का लाइसेंस भी कैंसिल कराए जाएंगे। इसके लिए भी पुलिस द्वारा रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी। मामले की छानबीन से जुड़े पुलिस सूत्रों की मानें तो महेंद्र अभी पकड़ से काफी दूर है। उसके मोबाइल की भी लोकेशन सटीक नहीं मिल रही। जिस मोबाइल को यूज करता था लोकेशन के आधार पर पुलिस उस तक पहुंची। मगर, मालूम चला कि अब उस मोबाइल का प्रयोग वह नहीं कर रहा है।

आरोपित राजेश के असलहों को कैंसिल कराने के लिए रिपोर्ट शीर्ष अफसरों को भेज दी गई है। जल्द ही आरोपित महेंद्र को भी गिरफ्तार कर उसके असलहे भी कैंसिल कराए जाएंगे।
अजीत सिंह चौहान सीओ कर्नलगंज