-जांच में संक्रमित पाए जाने के बाद सीधे पहुंचा हॉस्पिटल तो मचा हड़कंप

-सेनेटाइज कराई गई एंट्रेंस रोड, कंट्रोल रूम में दी गई सूचना

PRAYAGRAJ: जांच में संक्रमित पाए जाने पर रविवार को कोरोना पॉजिटिव मरीज बाइक से कोटवा हॉस्पिटल पहुंच गया। यह देखकर वहां मौजूद स्टाफ में सकते में आ गया। तत्काल मरीज को रोककर कंट्रोल रूम को इसकी सूचना भेजी गई। देर शाम तक उसको एडमिट कराने की प्रक्रिया जारी थी। यह मामला आसपास के एरिया में चर्चा का विषय बना रहा।

नहीं किया एंबुलेंस का इंतजार

32 वर्षीय युवक सैदाबाद का रहने वाला है और हाल ही में मुंबई से लौटा है। अचानक उसके पैर में फोड़ा निकला तो वह निजी हॉस्पिटल में इसका इलाज कराने पहुंचा था। डॉक्टर्स ने उसे पहले कोरोना की जांच कराने को कहा। युवक ने अपना सैंपल दिया था जो रविवार को पॉजिटिव आ गया। इसकी जानकारी होने पर युवक ने एंबुलेंस का इंतजार नही किया और सीधे कोटवा हॉस्पिटल पहुंच गया।

एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक के एंट्रेंस तक पहुंचा

वह जैसे ही कोटवा के एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक के एंट्रेंस पर पहुंचा, उससे दूर से पूछताछ की गई। जैसे ही उसने अपना परिचय दिया, कर्मचारी सकते में आ गए। उन्होंने तत्काल मरीज को रोक दिया और कंट्रोम रूम को इसकी सूचना दी। युवक ने बताया कि वह अपना इलाज कराने आया है। उसे भर्ती करा दिया जाए। जानकारी के मुताबिक वह एसिम्प्टोमैटिक पेशेंट आरै ऐसे में उसे कोटवा में ही भर्ती किया जाएगा। यही कारण है कि वह सीधे यही चला आया। इसके बाद एंट्रेंस प्वाइंट को सेनेटाइज कराया गया।

अपने परिवार से बनाई दूरी

युवक ने बताया कि उसने जब से जांच के लिए सैंपल दिया है वह अपने घर पर बाकी लोगों से दूरी बनाए हुए है। वह सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर रहा है। रिपोर्ट में वह पॉजिटिव आया तो उसे आगे की प्रॉसेस की जानकारी नहीं थी। कोटवा हॉस्पिटल में घटी यह घटना दिनभर चर्चा का विषय रही। युवक को भर्ती होने तक दूसरों से दूरी बनाए रखने की जानकारी दी गई थी।