ट्रांसपोर्टर के बेटे की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा, हाईस्कूल का छात्र समेत दो गिरफ्तार

prayagraj@inext.co.in

ट्रांसपोर्टर के बेटे शिवम पांडेय की हत्या का एग्जैक्ट वही रीजन था जैसा अंदेशा दैनिक जागरण आई नेक्स्ट ने घटना के दिन जताया था। गुरुवार को पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया। दोनो नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस ने सिर्फ एक फैक्ट एड किया वह था आरोपित की पिटायी वाला वीडियो वायरल हो जाना। पुलिस ने दोनों के पास से हत्या में इस्तेमाल असलहा बरामद करने का दावा किया है। गुरुवार को दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

लड़की के चक्कर में हुई पूरी घटना

गुरुवार को चालान किये गये युवकों का नाम नीरज मिश्र और गौरव पांडेय है। दोनो रिश्तेदार हैं। शिवम मर्डर केस का खुलासा करते हुए एसपी यमुनापार दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने बताया कि नीरज का शिवम के पड़ोस में रहने वाली एक युवती से मिलना-जुलना था। संडे नाइट वह उस लड़की से मिलने पहुंचा था। संयोग से घर वालों ने उसे पकड़ लिया और चोरी की नीयत से घुसने का आरोप लगाकर शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग जुट गये। इसमें शिवम भी शामिल था। इन लोगों ने नीरज की पिटायी कर दी थी। शिवम ने उसे काफी भला-बुरा कहा था। उन्होंने बताया कि इस घटना का किसी ने वीडियो बना लिया था। यह वीडियो वायरल हो गया था। इससे शिवम से खार खाया नीरज अपने दोस्त शिवम की हत्या की योजना बना बैठा।

हाईस्कूल का छात्र है गौरव

पुलिस के मुताबिक गौरव 10वीं का छात्र है। शिवम और नीरज पहले फ्रेंड थे। इस चक्कर में गौरव भी शिवम के टॅच में था। घटना के दिन गौरव ही शिवम के घर उसे बुलाने के लिए पहुंचा था। उसी की बाइक से शिवम साथ निकला था। रास्ते में नीरज मिला तो तीनो एक बाइक पर हो गये। नीरज पहले से ही हत्या की योजना बनाकर आया था। उसके पास असलहा भी मौजूद था। साथ में तीनो मेजा एरिया के गेदुरही नहर के रास्ते पर पहुंचे। स्पॉट पर तीनो बाइक से उतरे। यहां नीरज और शिवम पांडेय के बीच वायरल वीडियो और धमकी को लेकर विवाद हुआ तो नीरज से उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। पुलिस का कहना था कि मुखबिर की सूचना पर दोनो को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके पास से हत्या में इस्तेमाल की गयी पिस्टल के साथ दो कारतूस बरामद किया है।