i concern

-तीन महिलाओं ने पति समेत अन्य ससुराल वालों पर दर्ज कराया दहेज उत्पीड़न का केस

-महिला थाने में आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने शुरू की जांच

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: दहेज के लिए बेटियों को प्रताडि़त करने की घटनाएं अक्सर सामने आती है। पिछले कुछ महीनों में महिला थाने में दो सौ से अधिक दहेज उत्पीड़न के मामले दर्ज किए गए है। ऐसी घटनाओं का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। जहां एक बार फिर शनिवार को तीन महिलाओं ने महिला थाने में पति समेत ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू भी कर दी है।

केस-1

जार्जटाउन थाना क्षेत्र के अल्लापुर निवासी रेखा चौधरी की शादी घर वालों ने झूंसी एडीए कॉलोनी के रहने वाले शशिकांत पुत्र उमाकांत के साथ की थी। मगर शादी के बाद से ही पति और ससुराल वाले दहेज की मांग करने लगे, पीडि़ता का आरोप है कि पति व ससुराल वाले उससे आए दिन पैसे और घरेलू सामान की मांग करते थे। जब उसने यह बात परिवार वालों को बताई। तो सभी हैरान थे। क्योंकि परिवार वालों ने अपनी क्षमता के अनुसार काफी कुछ दिया था, लेकिन ससुराल वालों की मांग लगातार बढ़ती ही जा रही थी। पीडि़ता ने महिला थाने में पति समेत ससुर उमाकांत, राम लाल वर्मा, सास फोटो देवी, देवर शुभम, जेठ ऋषिकांत, जेठानी ऊषा देवी व ननद नेहा रंजन के खिलाफ मारपीट व जान से मारने की तहरीर दी।

केस-2

घूरपुर थाना क्षेत्र के भानपुर गांव की रहने वाली अंजना पटेल ने महिला थाने में तहरीर देकर पति समेत ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि पति राजू पटेल पुत्र सिपाही लाल दहेज के लिए मारपीट करता है। विरोध करने पर ससुराल पक्ष के अन्य लोग भी जान से मारने की धमकी देते है। इतना ही नहीं, लगातार दूसरी शादी की धमकी दे रहें है। पीडि़ता की तहरीर पर महिला थाने में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने करछना निवासी पति राजू पटेल, जेठ, सास, दूसरी पत्‍‌नी सरिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर रही है।

केस-3

सराय ममरेज थाना क्षेत्र सुनीता यादव की शादी हरीपुर निवासी श्याम यादव के साथ हुई थी। पीडि़ता का आरोप है कि पति और ससुराल वाले दहेज के लिए आए दिन परेशान करते है। मांग पूरी न होने पर वह आए दिन गाली गलौज करते है और जान से मारने की धमकी देते है। पीडि़ता की तहरीर पर महिला थाने में पति के अलावा ससुर राजेन्द्र यादव, सास, देवर लाल जी के खिलाफ दहेज उत्पीड़न में मुकदमा दर्ज कर लिया है।