ससुराल में जलने के बाद एसआरएन हॉस्पिटल में चल रहा था इलाज

मायके वालों ने ससुराल वालों पर लगाया जलाने का आरोप

ALLAHABAD: चाक घाट के पुराना गल्ला मंडी की 27 वर्षीय महिला अंबिका केसरवानी की रविवार को एसआरएन हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह संदिग्ध परिस्थितियों में आग से झुलस गई थी। मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए कौंधियारा पुलिस को तहरीर दी है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

कौंधियारा थाना क्षेत्र के अकोढ़ा बाजार निवासी स्वर्गीय सुरेश केसरवानी की पुत्री अंबिका केसरवानी की शादी 2007 में चाक घाट के मिथलेश कुमार केसरवानी से हुई थी। शनिवार की रात संदिग्ध परिस्थिति में वह आग से झुलस गई। उसे रात में ही एसआरएन हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था। रविवार की सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में ससुराल वालों का कहना है कि खाना बनाते समय स्टोव की आग भड़कने से वह जल गई थी। मायके पक्ष के लोगों का आरोप है कि उसे ससुराल वालों ने जलाया है। मायके वालों की तहरीर पर पुलिस जांच में जुटी है।