आयोजन को लेकर प्रशासन और कई सामाजिक संस्थाओं ने कसी कमर

कार्तिक पूर्णिमा पर संगम सहित कई घाटों पर होगा देव दीपावली महोत्सव

ALLAHABAD: काशी की तर्ज पर कहें या फिर उससे भी आगे जाने की तत्परता। इस बार संगम नोज पर होने वाले देव दीपावली महोत्सव को ऐतिहासिक स्वरुप देने की तैयारी की गई है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर संगम नोज पर पिछले वर्ष से बड़ा आयोजन होगा। जिला प्रशासन, नगर-निगम, सेना, आरएएफ, पुलिस विभाग व स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में 14 नवम्बर को शाम 4:30 बजे से संगम नोज पर सांस्कृतिक आयोजन शुरु होगा।

लेजर शो से करेंगे जागरूक

लेजर शो के जरिए शहर के लोगों को स्वच्छता व मतदान के लिए जागरुक किया जाएगा। आयोजन के लिए पूरे क्षेत्र को 50 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। बालू की आकृति की प्रतियोगिता में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के स्टूडेंट्स हिस्सा लेंगे। 200 बटुक मंत्रोच्चार के साथ आयोजन को भव्यता प्रदान करेंगे।

झालरों से सजेगा किला

किला को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया जाएगा और संगम नोज पर 25 हजार दीपदान किया जाएगा। आयोजन की भव्यता के लिए कई सामाजिक संस्थाओं ने भी तैयारियां की हैं। हरिहर गंगा आरती समिति की ओर से महाबीर मार्ग से लेकर रामघाट तक एक लाख दीपों की लड़ी सजाई जाएगी। प्रयागराज सेवा समिति के पदाधिकारी भी दीपदान में हिस्सा लेंगे।

हनुमान मंदिर देगा दीपक

बंधवा स्थित बड़े हनुमान मंदिर में 11 हजार दीपदान होगा। मंदिर प्रशासन की ओर से लोगों को दीपक देने की व्यवस्था की गई है। आयोजन में शहर के करीब 27 इंटर कॉलेजों के सात हजार स्टूडेंट्स भी शामिल होंगे।