प्लांट चालू होने से हॉस्पिटल्स को मिलने लगी ऑक्सीजन

डीएम ने 300 नए सिलेंडर खरीदने के दिए आदेश

शहर में ऑक्सीजन की क्राइसिस काफी हद तक साल्व होने लगी है। शनिवार को तमाम प्राइवेट हॉस्पिटल्स में ऑक्सीजन की सप्लाई शुरू हो गई। नैनी स्थित ऑक्सीजन के दोनों प्लांट शुरू हो जाने के बाद 1600 से 1800 ऑक्सीजन सिलेंडर की सप्लाई शुरू हो गई। इसके अलावा लिक्विड ऑक्सीजन भी उपलब्ध कराई जाने लगी है। बता दें कि शहर में एक दिन में प्राइवेट हॉस्पिटल्स में कुल 1000 ऑक्सीजन सिलेंडर की डिमांड है।

बनी हुई है सिलेंडर की क्राइसिस

दोनों प्लांट शुरू होने से भले ही ऑक्सीजन की डिमांड पूरी होने लगी है लेकिन, अभी भी खाली सिलेंडर की क्राइसिस बनी हुई है। लोग आक्सीजन सिलेंडर के लिए बाजारों का चक्कर काट रहे हैं और वह उपलब्ध नही हो रहा है। तीमारदारों का कहना है कि जब तक खाली सिलेंडर नही होंगे, हम उनको भरवा कैसे सकेंगे। प्रशासन को खाली सिलेंडर की डिमांड पूरी करवानी चाहिए।

डीएम ने कहा प्राइवेट हॉस्पिटल्स करें व्यवस्था

शनिवार को प्राइवेट हॉस्पिटल्स के संचालकों के साथ मीटिंग के दौरान डीएम भानुचंद्र गोस्वामी ने कहा कि कम से कम तीन सौ ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था की जाए। जिससे नए मरीजों को दिक्कत का सामना न करना पड़े। बता दें कि इस समय शहर में लगभग दस प्राइवेट हॉस्पिटल्स संचालित हो रहे हैं। जिनमें कोविड मरीजों का इलाज किया जा रहा है। इन सभी का पिछले एक सप्ताह से ऑक्सीजन की सप्लाई नही होने से मरीजों के इलाज में दिक्कत पेश आ रही थी।

ऑक्सीजन की क्राइसिस काफी हद तक साल्व हो गई है। एसआरएन का खुद लिक्विड ऑक्सीजन का प्लांट चल रहा है। प्राइवेट को प्लांट से ऑक्सीजन मिल रही है। इससे मरीजों को लाभ होगा।

डॉ। वीके मिश्रा

एसीएमओ, स्वास्थ्य विभाग प्रयागराज