allahabad@inext.co.in
ALLAHABAD : थरवई एरिया में मंगलवार की रात घर के बरामदे में सो रही सास-बहू की बेरहमी से हत्या कर दी गयी। घर के बिखरे सामानों से लूटपाट का भी अंदेशा जताया जा रहा है। सनसनीखेज वारदात की सूचना पर एसएसपी समेत तमाम पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गये। बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना का कोई कारण खुलकर सामने नहीं आया है। आशंका जतायी जा रही है स्मैकियों ने लूटपाट में बाधा बनने पर इस घटना को अंजाम दिया है। घटना के संबंध में अज्ञात के खिलाफ हत्या और लूट का मुकदमा कायम किया गया है।

सुबह ट्रैक्टर लेने आया तो पता चला
मृतकों का नाम गोमती देवी (75) और सोना देवी (38) बताया गया है। गोमती देवी के पति करीब दस साल पहले दिवंगत हो चुके हैं। उनके दो बेटे रामभजन और चंद्रकेश पटेल हैं। बड़ा राजभजन गांव में अलग मकान बनवाकर रहता है और छोटे चंद्रकेश ने थरवई में सड़क किनारे जमीन पर अपना मकान बनवा लिया है। यहां वह बच्चों व मां के साथ रहता है। चंद्रकेश रसूलाबाद में स्थित चटनी मिल में कर्मचारी है। ट्यूजडे रात नाइट ड्यूटी के चलते वह कंपनी में था। चंद्रकेश के चार बेटियां (माधुरी, फोटो, गोरे और पुत्तू) व एक बेटा (कुलदीपप) है। संयोग से सभी रात में सोने के लिए बड़े पिता के घर चले गये थे। घर में सास-बहू ही थीं। दोनो बरामदे में सो रही थीं। सुबह गांव का शिवपूजन पटेल खेत जोतवानी के लिए ट्रैक्टर लेने पहुंचा तो दोनों की बॉडी देखकर सन्न रहा गया।

बिस्तर पर ही पड़े थे दोनो
सास-बहू दोनो अलग बिस्तर पर सोये थे। दोनो की बॉडी भी बिस्तर पर ही मिली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बिस्तर बुरी तरह से बिगड़ा हुए था। गला दबाने के निशान थे और बॉडी पर भी चाकू से वार के निशान मिले। घर के भीतर का सामान बिखरा हुआ था। मौके पर पहुंची पुलिस ने आशंका जतायी कि गला दबाने के बाद हत्या सुनिश्चित करने के लिए चाकू मारा गया होगा। बिखरे सामानो से आशंका जतायी गयी कि लूटपाट हुई है। पुलिस ने फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड बुलाकर एवीडेंस कलेक्ट किये।

बच्चों का बुरा हाल, पति सन्नाटे में
सुबह घटना का हल्ला मचा तो मृतका का बड़ा बेटा रामभजन मौके पर पहुंचा। उसके साथ ही सोना देवी के बच्चे कुलदीप और माधुरी थे। उसका चार में से कोई भी बच्चा बालिग नहीं है। मॉं की बॉडी देखकर दोनों दहाड़े मारकर रोने लगे तो वहां मौजूद लोग द्रवित हो उठे। घटना की सूचना पाकर पहुंचा सोना का पति चंद्रकेश भी सन्नाटे में था। परिवारवालों ने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। इससे पुलिस के लिए यह बड़ा चैलेंज खड़ा हो गया कि हत्या किसने और क्यों की?

स्मैकियों का काम तो नहीं
इन दिनो थरवई इलाके में स्मैकियों का आतंक बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नशा करने वाले छोटे-मोटे सामान चुराते हैं। पकड़ लेने पर उलझ जाते हैं। इसके चलते आम तौर पर लोग उन्हें इग्नोर करते हैं। इलाके में चर्चा रही कि संभवत: इस घटना को भी उन्होंने ही अंजाम दिया हो। चोरी की नीयत से घर में घुसे हों और सास-बहू के जाग जाने पर उन्होंने दोनो का काम तमाम कर दिया हो। इसका संकेत डॉग स्क्वॉड ने भी दिया जो स्पॉट से मिश्नरी हॉस्पिटल के पीछे तक जाकर रुक गया।

घटना का पर्दाफाश करने के लिए टीमें लगा दी गयी हैं। कारणों की पड़ताल की जा रही है। कोशिश है कि जल्द से जल्द इसका खुलासा करते हुए आरोपित गिरफ्तार कर लिए जाएं।

नितिन तिवारी

एसएसपी, इलाहाबाद

हत्या दर हत्या

नवाबगंज में चार की हत्या

यह घटना पिछले साल हुई थी। नवाबगंज थाना क्षेत्र के शहापुर में पति-पत्‌नी के साथ उनकी दो बेटियों की बेहरमी से हत्या कर दी गयी थी। मृतक दम्पति का एक बेटा और एक बेटी जिंदा बच पाए तो इसलिए क्योंकि वे किसी न किसी कारण से घर से बाहर थे।

कलंदरपुर में पति-पत्‌नी का मर्डर

सोरांव सर्किल के कलंदरपुर गांव में बीडीसी सदस्य संतोषी देवी और उसके पति जितेन्द्र की रात में सोते समय हत्या कर दी गयी थी। यह घटना अवैध संबंधों के चलते होने की बात बतायी गयी थी।

शिवकुटी में पांच की हत्या

शहरी एरिया शिवकुटी में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की बेरहमी से हत्या कर दी गयी। यह घटना रात में अंजाम दी गयी थी और इसका पता दूसरे दिन सुबह चला। यह घटना लूटपाट के चक्कर में अंजाम दी गयी थी।

दारागंज में डबल मर्डर

इसी साल दारागंज एसटीपी के पास हत्या के बाद जलाकर फेंकी गयी दो बॉडी सुबह बरामद की गयी थी। करीब एक महीने से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी इन दोनों के बारे में कुछ पता नहीं चल सका है।

कीडगंज में दो की हत्या

कीडगंज में पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर पार्क में दो की हत्या करके बॉडी छोड़ दी गयी। इस मामले में सस्पेक्टेड सीसीटीवी में कैद भी हो गये थे। रात में अंजाम दी गयी घटना का पता सुबह चला था। इस हत्याकांड की कहानी भी अभी अनसुलझी है।

शंकरगढ़ में दोहरी हत्या

शंकरगढ़ में बीते रविवार को सास बहू की हत्या कर दी गयी थी। इस हत्याकांड का आरोपी बेटा ही बना था जिस गिरफ्तार कर पुलिस जेल भेज चुकी है।