- हिन्दुस्तानी एकेडमी ने आठ कैटेगरी में दिए जाने वाले पुरस्कारों के लिए चयनित साहित्यकारों के नामों की घोषणा की

- गोरखपुर के डॉ। राव को यह सम्मान उनकी पुस्तक गुरु गोरक्षनाथ एवं आदिकालीन साहित्य पर दिया जाएगा।

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: हिन्दी साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए हिन्दुस्तानी एकेडमी की ओर से दिए जाने वाले एवार्ड विजेता साहित्यकारों के नामों की गुरुवार को घोषणा कर दी गई। हिन्दुस्तानी एकेडमी के अध्यक्ष डॉ। उदय प्रताप सिंह ने आठ कैटेगरी में दिए जाने वाले साहित्य पुरस्कारों के लिए चयनित साहित्यकारों के नामों की सूची जारी की है। इसमें एकेडमी की ओर से इस बार पांच लाख रुपए के सबसे बड़े पुरस्कार गुरु गोरक्षनाथ शिखर सम्मान के लिए गोरखपुर के डॉ। प्रदीप कुमार राव को चुना गया है। उनको यह सम्मान उनकी पुस्तक गुरु गोरक्षनाथ एवं आदिकालीन साहित्य पर कार्य करने के लिए दिया जाएगा।

इन लेखकों को भी मिलेगा सम्मान

गोस्वामी तुलसीदास सम्मान

ढाई लाख रुपए के इस सम्मान के लिए मिर्जापुर के उदय शंकर दुबे का चयन किया गया है। उनको पुरस्कार उनकी कृति रामचरित मानस की पाण्डुलिपियां दिया जाएगा।

भारतेन्दु हरिश्चन्द्र सम्मान

प्रयागराज के डॉ। विजयानंद को दिया जाएगा। दो लाख रुपए का यह पुरस्कार उनकी रचना धर्मचक्र के लिए दिया जाना है।

महावीर प्रसाद द्विवेदी सम्मान

मऊ के डॉ। सर्वेश पाण्डेय को इस पुरस्कार के लिए चुना गया है। उनकी पुस्तक हिन्दी भाषा के आयाम के लिए दो लाख रुपए का ये सम्मान दिया जाएगा।

फिराक गोरखपुरी सम्मान

राम सहाय मिश्र कोमल शास्त्री को उनकी रचना वक्त के बाजार में पुस्तक के लिए एक लाख रुपए का फिराक गोरखपुरी सम्मान के लिए चुना गया है।

कुम्भनदास ब्रजभाषा सम्मान

हाथरस के साहित्यकार भोजराज सिंह भोज को उनकी रचना अन्नदाता- किसान के लिए एक लाख रुपए के इस सम्मान के लिए चुना गया है।

हिन्दुस्तानी एकेडमी युवा लेखन सम्मान

यह सम्मान लखनऊ की गरिमा सक्सेना को उनकी पुस्तक मैं छिपा सूरज कहां के लिए व नोएडा के कुलदीप राघव को उनकी पुस्तक इश्क मुबारक के लिए दिया जाएगा। दोनों लेखकों को 11-11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जायेगी

कोरोना बाद सीएम देंगे सम्मान

हिन्दुस्तानी एकेडमी की ओर से पुरस्कार के लिए चयनित साहित्यकारों के नामों की घोषणा करने के बाद अध्यक्ष डॉ। उदय प्रताप सिंह ने बताया कि सम्मान समारोह का आयोजन कोरोना संक्रमण के खत्म होने के बाद किया जाएगा। वैसे तो यह सम्मान समारोह मार्च में ही होना था, लेकिन कोरोना संक्रमण के कारण शुरू हुए लॉकडाउन को देखते हुए इसे स्थगित कर दिया गया था। सम्मान समारोह इस बार हिन्दुस्तानी एकेडमी में कराने की तैयारी है। उम्मीद है कि सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा हिन्दुस्तानी एकेडमी में सम्मान समारोह का आयोजन करके उनके हाथों ही साहित्यकारों को सम्मान दिलाया जाएगा।

सभी कैटेगरी के सम्मान समारोह का आयोजन कोरोना संक्रमण के खत्म होने के बाद किया जाएगा।

डॉ। उदय प्रताप सिंह, अध्यक्ष, हिन्दुस्तानी एकेडमी