प्रयागराज (ब्‍यूरो)। कर्नलगंज पुलिस की लापरवाही एक युवक पर भारी पड़ गई। सोमवार को होली तो सकुशल गुजर गई, मगर मंगलवार को पुलिस गश्त में लापरवाही से एक युवक की जान पर बन आई। पुराना कटरा में युवक पर गोली चलाने वाले पर केस दर्ज कराया गया है। घटना मंगलवार रात की है। कर्नलगंज थाने की पुलिस ने घायल युवक को एसआरएन में भर्ती कराया था। कर्नलगंज थाने में घायल युवक के भाई ने आरोपित के खिलाफ नामजद केस दर्ज कराया है। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है। हालांकि बुधवार देरशाम तक आरोपित का कोई पता पुलिस को नहीं चल सका था।

तमंचा लेकर कर रहा था डांस
पुराना कटरा का रहने वाला मजहर अली मंगलवार शाम को सड़क पर घूम रहा था। मजहर पुराना कटरा में नत्थू भूसा वाले के घर के पास पहुंचा। वहां पर डीजे की धुन पर विकास अग्रहरि और कई अन्य युवक डांस कर रहे थे। विकास के हाथ में तमंचा था। वह नशे में धुत था। अचानक उसने मजहर को देखा। पता नहीं किस बात पर खफा विकास अग्रहरि ने मजहर पर फायर कर दिया। हालांकि पुलिस के मुताबिक दोनों पहले से एक दूसरे से परिचित हैं। खैर, गोली मजहर के कंधे पर लगी। जिससे वह घायल हो गया। गोली चलते ही डांस कर रहे युवक भाग निकले। मौका पाकर विकास भी भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मजहर को एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया। मामले में मजहर के भाई मंजर ने केस दर्ज कराया है। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है।

गश्त से गायब थी पुलिस
घटना से साफ है कि मंगलवार शाम को पुलिस गश्त से गायब थी। जबकि मंगलवार शाम को भी पुराना कटरा में डीजे की धुन पर युवक नाच रहे थे। इस दौरान विकास में तमंचा होने का मतलब साफ है कि उसे पुलिस के आने का डर नहीं था। हैरत की बात है कि खुलेआम तमंचा लेकर युवक डांस कर रहा था और पुलिस को कानो कान खबर भी नहीं हुई।

पुराना कटरा में युवक को गोली मारने वाले पर केस दर्ज किया गया है। दोनों पहले से परिचित हैं। युवक खतरे से बाहर है। आरोपित की तलाश की जा रही है।
राजीव कुमार, एसीपी कर्नलगंज