प्रयागराज (ब्यूरो)। आरओबी का निर्माण एयरपोर्ट के मार्ग को सुगम करने के लिए किया जा रहा है।
वर्तमान में लोगों को झलवा के रास्ते होकर जाना पड़ता है और ऐसे में उनको काफी पहले घर से निकलना होता है। वह जाम में भी फंस जाते हैं।
फोर लेन आरओबी बनने से लोग सीधे एयरपोर्ट के नजदीक पहुंचेंगे। उन्हें जाम भी नही झेलना होगा।
इसी तरह टू लेन फ्लाई ओवर बनने से लोग चौफटका से सीधे कानपुर रोड पहुंचेंगे।
इससे उन्हें बीच के जाम से निजात मिलेगी। लोगों को वैकल्पिक रास्ता भी मिलेगा।
आरओबी बनने से एयरपोर्ट के निकट नए व्यापार के केंद्र स्थापित होंगे और निवेशकों को निवेश के नए अवसर भी प्राप्त होंगे।
राजरूपपुर, झलवा और कालिंदीपुरम के निवासियों को दिन रात लगने वाले जाम से थी निजात मिलेगी।

मिली और भी सौगात
इस मौके पर डिप्टी सीएम ने बटन दबाकर तमाम परियोजनाओं और योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण भी किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इससे शहर पश्चिमी ही नहीं पूरे प्रयागराज के विकास को गति मिलेगी एवं आम लोगों को जाम की समस्या से निजात मिलेगी। समय की भी बचत होगी। उन्होंने कहा कि शहर पश्चिमी से कौशाम्बी तक 4 लेन सड़क का निर्माण कराया जायेगा। इससे आस-पास के गांव के क्षेत्र भी तेजी से विकसित होंगे। इनर रिंग रोड का निर्माण का कार्य प्रगति पर है। हण्डिया से कोखराज तक 4 लेन मॉडल रोड बनाने जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की विकास की नीति से जनपद में पर्यटन का तेजी से विकास हो रहा है। गंगा, यमुना एवं गुप्त सरस्वती के संगम में प्रदेश सरकार विकास की गंगा बहा रही है।

विधायक व मंत्री ने जताया आभार
कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट का रास्ता सुगम बनाने के लिए सुबेदारगंज में रेलवे ओवरब्रिज एवं कानपुर रोड पर फ्लाईओवर के निर्माण की अति आवश्यकता थी। इससे जाम से निजात मिलने के साथ शहर पश्चिमी में विकास की गति को रफ्तार मिलेगी। एयपोर्ट से सीधे जुडऩे से पर्यटकों का आवगमन बढऩे से नए रोजगार के द्वारा खुलेंगे साथ ही नए उद्योगों की स्थापना के प्रति निवेशकों की संख्या बढ़ेगी। इस अवसर पर सांसद फूलपुर केशरी देवी पटेल, सांसद प्रो। रीता बहुगुणा जोशी, महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी, जिला पंचायत अध्यक्ष वीके सिंह सहित विधायक व अन्य जन प्रतिनिधि उपस्थित रहे।