जोरों पर हैं त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियां

- विभागों से मांगी गई कर्मचारियों की सूची

- प्रत्येक बूथ पर लगाए जाएंगे चार मतदान कर्मी

- बैलेट पेपर के जरिए होंगे चुनाव, छप गए मतपत्र

प्रयागराज- त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को जिले सबसे बड़ा चुनाव कहा जाए तो गलत नही होगा। केवल प्रयागराज जिले में 23543 पदों के लिए चुनाव होंगे और इसको कराने में 27 हजार सरकारी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। चुनाव को कराने की तैयारियां जोरों पर हैं और तमाम विभागों से उनके कर्मचारियों की सूची मांग ली गई है। मतपत्र भी छपकर आ गए हैं और इन्हें सुरक्षित स्थान पर रखवाया गया है।

19 हजार से अधिक हैं पंचायत सदस्य के पद

चुनाव में कुल पांच पदों का चुनाव होना है। इनमें ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत वा‌र्ड्स, बीडीसी, प्रधान और ब्लॉक प्रमुख के पद शामिल हैं। यह चुनाव एक साथ होने जा रहे हैं। इसके पहले 2015 में चुनाव कराए गए थे। कुल मिलाकर 23 हजार से अधिक पदों का चुनाव बैलेट पेपर पर आधारित होगा। इसमें ईवीएम का उपयोग नही किया जाएगा। आइए जानते हैं कि किस चुनाव के हैं कितने पद-

क्षेत्र पंचायत वा‌र्ड्स- 2086

ग्राम पंचायत सदस्य- 19820

प्रधान- 1540

बीडीसी- 84

ब्लॉक प्रमुख- 23

35 हजार में 27 हजार करेंगे ड्यूटी

उधर जिला प्रशासन ने तमाम विभागों से कर्मचारियों की सूची तलब की है। इस सूची को दिए गए फार्मेट में ऑनलाइन भरकर देना है। बताया जा रहा है कि चुनाव में जिले भर में 5269 बूथ बनाए जाने हैं और प्रत्येक बूथ पर चार मतदान कर्मचारी तैनात होंगे। चार में से एक पीठासीन अधिकारी भी होगा। इसके अलावा रिजर्व कैटैगरी और रैंडेमाइजेशन को मिलाकर चार हजार कर्मचारियों को लगाया जाएगा। दो हजार कर्मचारियों व अधिकारियों को सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट सहित प्रभारी ड्यूटी में तैनात किया जाना है। इस तरह से 27 हजार सरकारी कर्मचारी व अधिकारी इस चुनाव में अपना योगदान देंगे।

एक मतदान स्थल पर दो मत पेटिका

बता दें कि प्रत्येक बूथ पर दो मत पेटिका रखी जाएंगी। बाकी मत पेटिका सेक्टर मजिस्ट्रेट की कस्टडी में रहेंगी। पूरे चुनाव में कुल मिलाकर 13500 मत पेटिका प्रयोग में लाई जाएंगी। अभी तक नामांकन पत्र और मत पत्र छपकर आ चुके हैं। 15 मार्च को नोटिफिकेशन जारी होने के बाद नामांकन प्रक्रिया की शुरुआत कर दी जाएगी।

चुनाव की तैयारियां चल रही हैं। कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जानी है। नोटिफिकेशन होने के बाद अगले चरण पर काम शुरू कर दिया जाएगा। यह काफी बड़ा चुनाव होगा।

दिनेश तिवारी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत प्रयागराज