जमीन के सौदे में 95 लाख रुपये लेकर नहीं लौटाने का है आरोप

जमीन का सौदा भी नहीं करा सके थे फाइनल, कोर्ट से जारी हुई थी एबीडब्ल्यू

ALLAHABAD: फूलपुर से सपा के पूर्व विधायक सईद अहमद को फ्राड के मामले में सिविल लाइंस पुलिस ने गिरफ्तार किया है। रविवार को सीओ सिविल लाइंस श्रीश्चन्द्र व थाना प्रभारी सुनील कुमार दुबे भारी फोर्स के साथ विधायक के आवास पहुंचे, भारी संख्या में पुलिस बल देख विधायक के आवास पर हड़कम्प मच गया। पुलिस ने घर को चारो ओर से घेर रखा था। अंदर घुसते ही पुलिस ने पूर्व सपा विधायक सईद अहमद को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरन आवास पर मौजूद लोगों और पुलिस में कहासुनी भी हुई। जैसे ही विधायक की गिरफ्तारी की जानकारी उनके समर्थकों तक पहुंची, आवास से लेकर थाने तक सैकड़ों समर्थकों की भीड़ जुट गई।

2007 में हुआ जमीन का सौदा

एमजी मार्ग सिविल लाइंस निवासी वहीद अहमद के बेटे सईद अहमद फूलपुर से सपा के विधायक थे। कई साल पहले उन्होंने जमीन की खरीद-फरोख्त के लिए प्रयागराज सहकारी समिति का गठन किया और बतौर सचिव कार्य शुरू किया। वे सिविल लाइंस के सरदार पटेल मार्ग स्थित भूखंड बेच रहे थे। वह भूखंड समिति के नाम फ्री होल्ड था। जमीन का सौदा 2007 में ताशकंद मार्ग सिविल लाइंस निवासी होटल मिलन पैलेस के मालिक सरदार जोगिंदर सिंह से हुआ। सरदार जोगिंदर सिंह का आरोप है कि उन्होंने जमीन के लिए चेक के जरिए दो बार में 95 लाख रुपये बतौर एडवांस दिया। इसके बाद इकरारनामे में छह महीने के भीतर जमीन रजिस्ट्री की बात कही गई। लेकिन न तो उन्होंने जमीन दी और न ही पैसा लौटाया। थाने जाने पर पुलिस ने भगा दिया। परेशान सरदार जोगिंदर सिंह ने अदालत की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर नौ अगस्त 2014 को सिविल लाइंस पुलिस ने सईद के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की।

कई बार जमानती वारंट

पुलिस अधिकरियों के मुताबिक पूर्व विधायक सईद अहमद के खिलाफ 14 नवंबर 2016 को जमानती वारंट जारी हुआ था। इसके बाद 25 नवंबर 2016 को गैर जमानती वारंट जारी हुआ। इसके बावजूद वे न तो अदालत में पेश हुए और न ही पुलिस गिरफ्तार कर सकी। छह फरवरी और तीन मार्च को जिला अदालत ने कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया। शनिवार को तीसरी बार ये आदेश पुलिस के पास पहुंचा। रविवार शाम सीओ सिविल लाइंस श्रीशचंद्र, इंस्पेक्टर सिविल लाइंस सुनील दुबे समेत कई थाने की फोर्स ने पूर्व विधायक के घर छापा मारकर गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को पूर्व विधायक को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

95 लाख में रजिस्टर्ड एग्रीमेंट

2012 में सपा के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले पूर्व विधायक सईद अहमद ने सरदार जोगिन्दर सिंह से सिविल लाइंस स्थित जमीन के लिए 95 लाख रुपये एडवांस लेकर रजिस्टर्ड एग्रीमेंट किया था, लेकिन जमीन नहीं दिला पाए। दो साल पहले रिपोर्ट दर्ज हुई। आरोप है कि विधायक सईद अहमद ने साल 2011 का फर्जी कागज तैयार कर पैसा लौटाने का दावा किया। साल 2012 के विधानसभा चुनाव के नामिनेशन में भी पूर्व विधायक ने नब्बे लाख रुपये उधार होने की बात कही थी।

मुझे कानून पर विश्वास था। पुलिस ने अपना काम ईमानदारी व निष्पक्षता से किया है। इससे पब्लिक का विश्वास पुलिस के प्रति बढ़ा है। सीओ सिविल लाइंस का कार्य सराहनीय है।

सरदार जोगिदंर सिंह, होटल मालिक

पूर्व सपा विधायक के खिलाफ गैर जमानती वारंट था। पुलिस को काफी दिनों से उनकी तलाश थी। रविवार को उन्हें आवास से गिरफ्तार किया गया।

श्रीश्चन्द्र सीओ सिविल लाइंस

अतीक के गुर्गो की तलाश में छापेमारी

हत्या में वांछित पूर्व सांसद अतीक अहमद के गुर्गो की तलाश में रविवार दोपहर धूमनगंज पुलिस ने कई स्थानों पर छापेमारी की। पुलिस ने कसारी मसारी मोहल्ले में दबिश दी तो वहां लोगों के बीच खलबली मच गई। यहां पर पुलिस को दुर्रानी के घर पर ताला लगा मिला, जबकि अन्य के मकान में महिलाएं मौजूद थी। धूमनगंज थाना क्षेत्र में 11 जुलाई 2016 को ठेकेदार जितेंद्र पटेल की हत्या कर लाश फेंक दी गई थी। परिजनों ने पूर्व सांसद अतीक अहमद पर साजिश रचने का आरोप लगाया था। उनके गुर्गे जुल्फिकार अली उर्फ तोता, अकरम, अरशद और दुर्रानी कत्ल के मुल्जिम हैं।

रामलोचन की भी घेराबंदी तेज

कई मुकदमों में वांछित पूर्व विधायक विजमा यादव के भाई रामलोचन की घेरेबंदी भी पुलिस ने तेज की है। रविवार को पुलिस ने फरार अभियुक्त रामलोचन की तलाश में धूमनगंज के कई इलाकों में उनके ठिकानों पर छापेमारी की, लेकिन वह नहीं मिला। इंस्पेक्टर अरुण त्यागी ने बताया कि रामलोचन की लोकेशन ट्रेस की जा रही है, जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।