प्रयागराज (ब्‍यूरो)। ग्रामीण भागकर मौके पर पहुंचे। जानकारी मिली तो पुलिस भी पहुंच गई। छानबीन के बाद पुलिस द्वारा बॉडी पोस्टमार्टम हाउस भेज दी गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोटकर हत्या की बात साबित पाई गई। देर रात तक पुलिस मामले की छानबीन में जुटी रही। घटना थरवई थाना क्षेत्र की है।

चचेरे भाई ने पुलिस को दी तहरीर
मारा गया साधुराम परिवार का इकलौता था। बताते हैं कि उसकी मां की बीमारी से कुछ वर्ष पूर्व मौत हो गई। मां गुलाबो की मौत के करीब एक साल बाद पिता बृज लाल यादव भी दम तोड़ दिया। माता पिता की मौत के बाद साधुराम अकेले जीवन जीने लगा। खुद बनाता और खाता था। थोड़ी बहुत जमीन थी लिहाजा उसका खर्च चल जाया करता था। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे लोगों ने बताया कि उसकी दिमागी हालत बहुत अच्छी नहीं थी। वह थोड़ी बहुत जमीन भी बेच दिया था। जमीन बेचने से मना करने पर वह परिवार को भी भला बुरा कहा करता था। बताते हैं कि इधर कुछ महीने से वह चचेरे भाई घनश्याम यादव के घर खाना खाया करता था। शुक्रवार सुबह घर से तकरीबन पांच सौ मीटर दूर बगीचे के बगल खेत में साधुराम बॉडी पड़ी मिली। साधुराम की खेत में मौत की खबर सुनते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना मिली तो थरवई थानाध्यक्ष पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौका-ए-वारदात की छानबीन की गई। घटना स्थल पर उसका लोटा और गमछा पड़ा हुआ था। उसके गले पर किसी चीज से कसे होने का निशान भी पाया गया। पुलिस उसकी बॉडी को पोस्टमार्टम हाउस भेज दी। सूत्र बताते हैं कि पोस्टमार्टम में गला दबाकर उसकी हत्या की बात सामने आई है। उसके शरीर पर भी कुछ खरोच के निशान पाए गए हैं। छानबीन में पुलिस को एक टार्च भी मिली है। इससे अनुमान यह लगाया जा रहा कि वह रात में शौच के लिए बाग की तरफ आया रहा होगा। कुछ लोगों ने पुलिस को बताया कि वह रात में करीब दस बजे वह घर के पास एक दुकान पर देखा गया था। छानबीन में पुलिस को मालूम चला कि साधुराम के पास करीब तीन बीघे जमीन थी। इसमें से एक बीघा जमीन वह बेच दिया था। इसके बाद बारी-बारी दो किस्तों में वह आठ बिस्वा जमीन और बेच दिया था। इस समय भी उसके पास लगभग एक बीघा जमीन है। इन तमाम स्थितियों को देखते हुए पुलिस को शक है कि उसकी हत्या इसी जमीन को लेकर की गई होगी। फिलहाल पुलिस उसके करीबियों को भी इस घटना में संदिग्ध मान रही है। उसके चचेरे भाई घनश्याम यादव पुत्र स्वर्गीय राम कैलाश यादव की ओर से अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है।

मामले की जांच की जा रही है। प्रकरण में उसके परिवार से भी पूछताछ की जाएगी। प्रथम दृष्टया घटना के पीछे जमीन ही एक एक बड़ी वजह दिखाई दे रही है। प्रकरण में कई ऐंगल पर छानबीन की जा रही है।
जंग बहादुर यादव, एसीपी थरवई