प्रयागराज (ब्‍यूरो)। गर्मी के मौसम में भारतीय खाद्य निगम के कर्मचारियों का भी पारा चढ़ गया है। कर्मचारियों में मनमाने स्थानांतरण से जबरदस्त आक्रोश है। इस आक्रोश का नतीजा रहा कि बुधवार को कर्मचारी आफिस में ही धरने पर बैठ गए। काम काज ठप कर दिया। जिससे आफिस में अफरातफरी का माहौल हो गया। कर्मचारियों ने कहा कि अगर उनकी मांगें पूरी न की गई तो वह बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन करेंगे।

बता दें कि हाल ही में भारतीय खाद्य निगम के मंडल कार्यालय के 12 कर्मचारियों का स्थानांतरण कर दिया गया। जिससे कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया। मंडल कार्यालय में एक्जीक्यूटिव स्टॉफ यूनियन के आवाहन पर कर्मचारियों ने धरना शुरू कर दिया। कर्मचारियों ने प्रबंधन के तानाशाही रवैये पर नाराजगी प्रकट की। साथ ही प्रबंधन पर कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप भी लगाया। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि अगर कर्मचारियों की मांगों को अनदेखा किया गया तो कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर आरपार की लड़ाई लड़ेंगे। मंडल कार्यालय में कई गोदामों से आए कर्मचारियों ने भी धरना में हिस्सा लिया। धरना में प्रमुख रूप से प्रिंस, शैलेष, राजकुमार, जराफत फातिमा, पूजा, प्रिया कौल, वीरेंद्र एवं अन्य तमाम कर्मचारी शामिल रहे।

कर्मचारियों की मांग
आंचलिक कार्यालय द्वारा जारी किए गए स्थानांतरण आदेश वापस लिया जाए
कर्मचारियों को स्वेच्छा से स्थानांतरण की मंजूरी प्रदान की जाए।
कर्मचारियों को स्वीकृत पदों के सापेक्ष कार्यालयों में कार्यभार प्रदान किया जाए।
स्वीकृत पदों के सापेक्ष रिक्त पदों पर भर्ती की जाए।
अनुकंपा नियुक्ति हेतु शीघ्र आदेश जारी किए जाएं।
पदोन्नति के वापस लिए गए आदे्रशों को तत्काल निर्गत किया जाए।
पदोन्नति के लिए कमेटी का गठन किया जाए।