प्रयागराज ब्यूरो । कोठापार्चा में कपड़े के गोदाम में आग लग गई। घटना सोमवार दोपहर में हुई। आग की घटना से हड़कंप मच गया। व्यापारियों ने आग को बुझाने की कोशिश की, मगर कामयाबी नहीं मिली। फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मगर फायर ब्रिगेड बहुत देर बाद पहुंच पाई। दमकल जाम में फंस गई। जैसे तैसे पहुंची दमकल ने आग को काबू करने की कोशिश की, मगर इसमें वक्त लग गया। तब तक गोदाम में रखे कपड़े जलकर नष्ट हो गए। अनुमान के मुताबिक कारोबारी को दस लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
कोठापार्चा के रहने वाले अंशु केसरवानी का बाजार में काम्प्लेक्स है। काम्प्लेक्स के दूसरे तल पर कारोबारियों ने अपने गोदाम बना रखे हैं। काम्प्लेक्स में एक दुकान कोठापार्चा के रिशु जायसवाल ने ले रखी है। रिशु कपड़ा के कारोबारी हैं। सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे रिशु के कपड़े के गोदाम से धुआं उठने लगा। लोगों ने देखा को इसकी जानकारी रिशु को दी। तब तक देर हो चुकी थी। धुआं के साथ गोदाम से आग की लपटें निकलने लगीं। कारोबारियों ने आग बुझाने के लिए प्रयास किया। मगर आग रुकी नहीं।

जाम में फंस गई दमकल
करीब ढाई बजे फायर ब्रिगेड को आग की घटना की सूचना लगी। फायर स्टेशन से फौरन तीन दमकल की गाडियां रवाना हो गईं। मगर तीनों दमकल जानसेनगंज में जाम में फंस गईं। जाम इतना भीषण था कि करीब आधा घंटा तक दमकल कर्मी परेशान रहे। जैसे तैसे जाम से छूटे दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। दमकल देख कारोबारियों ने राहत की सांस ली। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे तक मशक्कत के बाद आग को काबू में किया। तब तक बहुत देर हो चुकी थी। आग ने गोदाम में रखे कपड़ों को जलाकर नष्ट कर दिया था।
नंबर गेेम2.30 बजे गोदाम से उठा धुआं।
2.33 बजे फायर ब्रिगेड को सूचना।
2.35 बजे तीन दमकल रवाना।
2.38 बजे जाम में फंसी तीनों दमकल।
3.03 बजे मौके पर पहुंची दमकल।
4.10 बजे आग हुई काबू में।
6 दुकानें हैं काम्प्लेक्स में।
10 लाख से ज्यादा का हुआ नुकसान।


कपड़े के गोदाम में शार्टसर्किट से आग लगी है। दमकल कर्मियों ने आग को काबू में कर लिया। हालांकि जाम की वजह से दमकल की गाडिय़ां विलंब से पहुंची।
आरके पांडेय, सीएफओ