दधिकांदो मेले के दौरान कीडगंज एरिया में हुई घटना, एक गंभीर

ALLAHABAD: कीडगंज में बृहस्पतिवार देर रात दधिकांदो मेले के दौरान कुछ लोगों ने एक युवक को गोली मार दी। घटना उस वक्त की थी जब युवक अपने दोस्तों के साथ डीजे पर डांस कर रहा था। फायरिंग होते ही मेले में अफरा तफरी का माहौल बन गया। एक दर्जन से भर से अधिक लड़के घटना के बाद वहां से भाग निकले। पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से घायल को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घायल के दोस्त की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।

कुछ दिन पहले हुआ था विवाद

घायल का नाम अरविंद मिश्रा बताया गया है। वह कीडगंज थाना क्षेत्र के खलासी लाइन का रहने वाला है। कुछ दिन पहले अरविंद का विवाद मोहल्ले के रहने वाले कुछ लड़कों से हुआ था। गुरुवार को क्षेत्र में दधिकांदो मेला था। अरविंद अपने कुछ दोस्तों के साथ मेले घूमने गया था। देर रात तक दोस्तों के साथ मेले में मौजूद रहा। इस दौरान अरविंद अपने दोस्तों के साथ तम्बाकू वाली गली पहुंचा तो वहां डीजे बजता मिला। बड़ी संख्या में लोग डीजे की धुन पर डांस कर रहे थे। इसमें अरविंद और दोस्त भी शामिल हो गए। संयोग से इसी बीच वह लड़का भी अपने साथियों के साथ पहुंच गया जिससे अरविंद का विवाद हुआ था। आमने-सामने होते ही दोनों पक्षों में लात-घूसा चलने लगा। उसके दोस्त बीच बचाव करने आए तो मारपीट कर रहे लड़कों ने तमंचा निकाल लिया। और फायरिंग झोंक दी। तमंचे से निकली एक गोली अरविंद के सर में लगी और वह जमीन पर गिर गया। इससे मेल में हड़कंप मच गया। पब्लिक का ध्यान वहां जाने पर फायरिंग करने वाले भाग निकले।

प्राइवेट अस्पताल में चल रहा इलाज

मेले में अचानक गोली चलने से अफरा तफरी का माहौल बन गया। जिसे जिधर मौका मिला वह उधर भागने लगा। अरविंद को उसके दोस्तों ने पुलिस की मदद से गंभीर हालत में रामबाग स्थित एक प्राइवेट हास्पिटल में भर्ती कराया। कीडगंज थाने की पुलिस ने हमलावरों की तलाश में कई जगह छापा मारे मगर कोई पकड़ में नहीं आया। पुलिस ने घायल युवक के दोस्त अमर सिंह चौहान की तहरीर पर संदीप, सनी, शिवम व विक्को लाल के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।