प्रयागराज (ब्‍यूरो)। ट्रैफिक मैनेजमेंट का प्लान रविवार को आधे शहर में कोलैप्स दिखाई दिया। तीन कारणों से लगे भीषण जाम में फंसे हजारों लोगों की जिंदगी के पांच घंटे बर्बाद हो गए। प्रशासनिक मैनेजमेंट की अव्यवस्था से लोगों के कीमती वक्त का ही नुकसान नहीं हुआ। टाइम से गंतव्य तक नहीं पहुंचने के कारण तमाम लोगों के अन्य कई तरह से लॉस का सामना करना पड़ा। नए ही नहीं पुराने यमुना ब्रिज पर भी जबरदस्त जाम रहा। इस जाम के पीछे तीन मुख्य कारण बताए गए। इस जाम में फंसे लोग ठीक से रेंग तक नहीं पा रहे थे। घंटों जाम में फंसे लोग प्रशासनिक मैनेजमेंट को कोसते हुए सुने गए। ट्रैफिक व्यवस्था को स्मूथ करने करने में पुलिस के जवान पसीना-पसीना दिखाई दिए। लोगों में इस जाम से झल्लाहट की स्थिति भी रही। रात नौ बजे तक जाम को खुलवाने के लिए ट्रैफिक पुलिस के जवान जूझते रहे।

नैनी साइड जाने वालों की हुई फजीहत
सण्डे का दिन था लिहाजा सरकारी दफ्तरों में अवकाश के चलते माघ मेला जाने वालों की संख्या अचानक बढ़ गई थी। वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी का भारत जोड़ो यात्रा में भी भीड़ उमड़ पड़ी। ऊपर से पुलिस भर्ती परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों की भीड़। एक साथ शाम चार बजे तीनों कारणों से माघ मेला साइड जबरदस्त भीड़ गई। गई। अचानक बढ़ी इसी भीड़ के प्रेशर से ट्रैफिक मैनेजमेंट कोलैप्स हो गया। रामबाग फ्लाई ओवर ब्रिज के नीचे से नए यमुना पुल से लेकर जेल रोड़ तक भीषण जाम लग गया। इस रूट पर जाम को देखते हुए छोटे वाहनों का ट्रैफिक प्रेशर पुराने यमुना ब्रिज की तरफ मोड़ दिया गया। देखते ही देखते पुराने ब्रिज पर भी जाम की स्थिति बन गई। शाम चार बजे से लगा जाम पांच बजते बजते वाहनों के चक्के थम गए। नैनी एरिया से शहर आने और शहर से नैनी साइड जाने वाले लोग इस जाम में घंटों फंसे रहे। रात करीब नौ बजे तक ट्रैफिक पुलिस के जवान स्थिति को नार्मल करने के लिए जूझते रहे।

कोढ़ में खाज बन गया एक्सीडेंट
जाम के बीच वाहनों को निकालने की जल्दबाजी में जीटी जवाहर के पास दो वाहनों के बीच टक्कर हो गई। देखते ही देखते दोनों तरफ से दर्जनों वाहनों की लंबी कतार लग गई।
कुछ देर बाद बांगड़ धर्मशाला से लेकर चुंगी चौराहे भीषण जाम लग गया। यात्री जाम में फंसे रहे।
जाम खुलाने में जूझ रहे ट्रैफिक पुलिस के जवानों की मदद में थाना पुलिस भी उतर पड़ी, मगर तब तक शास्त्री पुल व नए यमुना बृज पर भी जाम लग चुका था।
इस जाम में फंसे सैकड़ों लोगों के जरूरी काम काज छूट गए। वहीं नाइट ड्यूटी करने वाले तमाम लोग दफ्तर देर से पहुंचे।
इस जाम में फंसी एम्बुलेंस में मौजूद मरीजों का भी हाल बेहाल रहा, ट्रैफिक स्मूथ होने की दुआ उनके परिजन करते रहे।

शाम तीन बजे तक ट्रैफिक सिस्टम पूरी तरह स्मूथ था। कहीं कोई दिक्कत नहीं थी। अचानक चार बजे के आसपास अचानक भीड़ के बढऩे से जाम की समस्या हुई। इसके पीछे तीन मुख्य कारण रहे। रात नौ बजे तक ट्रैफिक स्मूथ कर लिया गया था।
अमित कुमार, ट्रैफिक इंचार्ज