बेसिक शिक्षा विभाग ने अपने सभी कर्मचारियों से स्वेच्छा से धनराशि देने की अपील की थी

प्रदेश के 75 में से सिर्फ 15 जिलों के शिक्षकों व कर्मचारियों ने केरल बाढ़ पीडि़तों के लिए दी धनराशि

ALLAHABAD: बाढ़ की त्रासदी झेल रहे केरल के पीडि़तों की मदद के लिए प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग ने एक अपील की। अपील विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों से की गई थी। इसमें सभी से अपेक्षा की गई थी कि वे स्वेच्छा जितनी भी धनराशि देना चाहते हों विभाग के पास जमा करा दें। अपील के समय सभी जिलों ने बढ़चढ़ दावे किए। सभी जिलों ने एक तय धनराशि देने का वादा किया, लेकिन जब इसके लिए निर्धारित तिथि नजदीक आई तो पता चला कि सिर्फ 15 जिलों ने ही इसमें गंभीरता दिखाई। इन जिलों से आई लगभग सवा तीन करोड़ रुपए की धनराशि केरल रिलीफ फंड में देने के लिए शिक्षक दिवस पर सूबे के मुख्यमंत्री को विभाग के अधिकारियों की ओर से सौंप दी गई।

कानपुर देहात ने 70 लाख दिए

बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से केरल में बाढ़ पीडि़तों की मदद के लिए दी गई सहयोग राशि में सबसे अधिक पैसा कानपुर देहात जिले ने दिया। वहां से 70 लाख 53 हजार रुपए आए। दूसरे नम्बर पर मैनपुरी डिस्ट्रिक्ट से 60 लाख 45 हजार 51 रुपए आए। केरल में बाढ़ पीडि़तों की मदद के लिए संयुक्त शिक्षा निदेशक बेसिक ललिता प्रदीप की ओर से पत्र भेजकर विभाग के सभी कर्मचारियों, शिक्षकों व अधिकारियों से केरल में बाढ़ पीडि़तों की मदद के लिए स्वेच्छा से सहयोग राशि एकत्र करने के लिए पत्र जारी हुआ था। इसमें 3 सितंबर तक चेक, बैंक ड्राफ्ट के माध्यम से बेसिक शिक्षा निदेशालय शिविर कार्यालय में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया था। इस दौरान जिलों से कुल 3 करोड़ 22 लाख 84 हजार 438 रुपए एकत्र कर मुख्यमंत्री को दिया गया।

जिला एकत्र धनराशि

कानपुर नगर 70,53,000

मैनपुरी 60,45,051

आगरा 59,06,187

अलीगढ़ 25,26,000

बुलंदशहर 23,00,500

आजमगढ़ 20,00,000

सोनभद्र 18,00,000

भदोही 18,37,000

मऊ 8,03,500

जालौन 7,40,000

सहारनपुर 3,50,100

औरैया 2,76,100

मुजफ्फरनगर 2,50,000

शाहजहांपुर 1,50,000

कासगंज 1,50,000