- पर्यटन डिपार्टमेंट की ओर से फोर्ट चौराहा के पास जवाहर मार्ग पर शुरू हुई प्रदर्शनी

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: पर्यटन डिपार्टमेंट की ओर से माघ मेला स्थित परेड ग्राउंड में फोर्ट चौराहा के निकट जवाहर मार्ग पर पर्यटन प्रदर्शनी का गुरुवार से आगाज हो गया। प्रदर्शनी मुख्य रूप से धार्मिक पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार एवं पर्यटन संवर्धन के लिए लगाई गई है। उप निदेशक पर्यटन दिनेश कुमार ने बताया कि प्रदर्शनी में प्रदेश के ब्रज सर्किट अन्तर्गत मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मभूमि, द्वारिकाधीश मंदिर, गिरिराज जी महाराज गोवर्धन, मानसी गंगा गोर्वधन, वृन्दावन स्थित प्रेम मंदिर, श्री रंगजी मंदिर एवं बरसाना का राधा रानी मंदिर प्रदर्शित किया गया है।

यमुना नैनी ब्रिज की फसाड लाइटिंग भी बिखेर रही छटा

प्रदर्शनी में प्रयागराज के माघ मेला, कुंभ मेला, यमुना नैनी ब्रिज की फसाड लाइटिंग, गोरखनाथ मंदिर, चित्रकूट स्थित रामघाट, गणेश बाग को प्रदर्शित किया गया है। साथ ही प्रथम धम्म चक्र प्रर्वतन का साक्षी सारनाथ, वाराणसी के गंगा घाट, काशी के विश्वनाथ मंदिर को सम्मिलित करते हुए अयोध्या का दीपोत्सव, कनक भवन तथा प्रस्तावित राम मंदिर को कलात्मक ढंग से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

चित्र प्रदर्शनी में दिखी गुरु गोबिन्द सिंह की जीवनी

एनसीजेडसीसी की ओर से एक भारत, श्रेष्ठ भारत के तहत गुरुवार को श्री गुरु गोबिन्द सिंह जी महाराज की जयंती पर पांच दिवसीय चित्र प्रदर्शनी की शुरुआत हुई। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा खुल्दाबाद के सहयोग से प्रकाश पर्व के रूप में गुरुद्वारा प्रांगण में शुरू हुई प्रदर्शनी में श्री गुरु गोबिन्द सिंह जी महाराज के जीवन को प्रदर्शित करने वाले चित्र प्रस्तुत किए गए। इसके पहले आयोजित उद्घाटन समारोह में चीफ गेस्ट एचओडी फाइन आर्ट डिपार्टमेंट इलाहाबाद यूनिवर्सिटी प्रो। अजय जेटली ने गुरु गोबिन्द सिंह जी के चित्र पर माल्यार्पण करते हुए कैनवास पर रंग बिखेरे। एनसीजेडसीसी के निदेशक इन्द्रजीत ग्रोवर ने श्री गुरु गोबिन्द सिंह जी के आदर्शो पर प्रकाश डाला। गुरु सभा की ओर से सरदार त्रिलोचन सिंह व सरदार जितेन्द्र सिंह ने खालसा पंथ की चर्चा करते हुए गुरु की महिमा का बखान किया।