मुख्तार अब्बास नकवी के कैबिनेट मंत्री बनने से इलाहाबादियों में हर्ष

ALLAHABAD: उप्र सरकार में अपना लोहा मनवाने के बाद अब केंद्र की भाजपा सरकार में भी एक इलाहाबादी चेहरा शामिल हो गया है। अल्पसंख्यक मामलों के केंद्रीय राज्यमंत्री रहे मुख्तार अब्बास नकवी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रोन्नत करते हुए कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया है। इससे इलाहाबादियों में खुशियों का माहौल बना हुआ है। बता दें कि मुख्तार अब्बास मोदी सरकार में एकमात्र मुस्लिम चेहरा भी हैं।

इविवि से ग्रहण की शिक्षा

मुख्तार अब्बास नकवी का जन्म इलाहाबाद में 15 अक्टूबर 1957 को हुआ था। उन्होंने अपनी शिक्षा इलाहाबाद विवि से प्राप्त की है। इमरजेंसी के हालात में 17 साल की उम्र में वह जेल भी गए थे। वह मास कम्यूनिकेशन से पोस्ट ग्रेजुएट भी हैं। बता दें कि राज्य सरकार में इलाहाबाद से नंदगोपालगुप्ता नंदी, सिद्धार्थनाथ सिंह व केशव प्रसाद मौर्य कैबिनेट मंत्रिमंडल में शामिल हैं तो केंद्र में मुख्तार अब्बास नकवी ने कैबिनेट में शामिल होकर प्रयाग की आभा में चार चांद लगा दिया है।

एक नजर में नकवी

-1975 में इमरजेंसी के दौरान कई लोक आंदोलनों में की हिस्सेदारी। जेल भी गए।

-1978 में जनता पार्टी की युवा इकाई के उपाध्यक्ष रहे।

-1992 से 97 तक भाजयुमो के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रहे। 2000 में भाजपा का राष्ट्रीय सचिव बनाया गया और जनवरी 2006 में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बने।

-1998-99 में पहली बार नकवी बारहवीं लोकसभा के सदस्य के रूप में निर्वाचित हुए। इसके बाद 2002 की राज्यसभा में सदस्य बने। 2003 में उन्हें राष्ट्रीय हज कमेटी का सदस्य बनाया गया।

-2010 राज्यसभा चुनाव में उन्होंने जीत दर्ज की।

-मई 2011 के बाद वह नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सदस्य भी हैं।

- नकवी की तीन किताबें स्याह, दंगा और वैशाली पब्लिश हो चुके

भाजपाइयों में खुशी

केंद्र सरकार मंत्रिमंडल विस्तार में मुख्तार अब्बास नकवी को कैबिनेट मंत्री व शिव प्रताप शुक्ल को राज्य मंत्री बनाने पर भाजपाइयों ने खुशी व्यक्त की। पार्टी कार्यालय में मिठाई वितरण किया गया। विधायक नीलम करवरिया और अवधेश गुप्ता ने दोनों नेताओं को पार्टी केप्रति समर्पित बताया। पूर्व उपमहापौर मुरारीलाल अग्रवाल, डॉ। कृतिका अग्रवाल ने कहा कि मोदी सरकार की नई विकास के नए आयाम तय करेगी। इस दौरान प्रभाशंकर पांडेय संजय गुप्त, कुंजबिहारी मिश्र, देवेंद्रनाथ मिश्र, पवन श्रीवास्तव, श्यामचंद, भोला तिवारी, गणेश केसरवानी, गिरि बाबा मौजूद रहे। वहीं कीडगंज पुलिस बूथ पर वरिष्ठ नेता पदुम जायसवाल के नेतृत्व में मंत्रिमंडल विस्तार पर खुशी मनाई गई।

परिवार में भी खुशियों की लहर

नकवी का जन्म हंडिया तहसील के सरायममरेज के भदारी गांव में हुआ था। पिता स्व। एएच नकवी और माता स्व। सकीना बेगम के बेटे मुख्तार नकवी ने इलाहाबाद विवि सहित यादगारे हुसैनी, एंग्लो बंगाली और सीएवी में पढ़ाई की। उनके चचेरे भाई हैदर अब्बास नकवी ने बताया कि हमारा परिवार आज भी एक है। केाई बटवारा नही हुआ। त्योहार पर सभी लोग एकत्र होकर खुशियां बांटते हैं।