प्रयागराज ब्यूरो । गर्मी का कहर लगातार जारी है। शुक्रवार को आसमान में बादल होने के बावजूद गर्म हवाओं के थपेड़ों ने 19 लोगो की जान ले ली। इनमें से एक दर्जन तो ऐसे थे जो अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोडृ़ दिया। वही दिन के तापमान में थोड़ी गिरावट रही तो रात के तापमान बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आने वाले दिनों में भी गर्मी का कहर जारी रहेगा। शुक्रवार को यह सभी मौतें अलग अलग स्थानों पर हुई हैं।
कहां हुई कितनी मौतें
जिले में पिछले 24 घंटे के अंदर गर्मी लगने से 19 लोगों की मौत हो गई है। जिनमें दो करछना, दो नैनी, एक कौंधियारा, दो मेजा व 12 मरीजों को शहर में मृत घोषित किया गया है। यह सभी मरीज जिले के अलग-अलग हिस्सों में अचेत अवस्था में पाए गए। एक दर्जन मरीज एसआरएन अस्पताल नही पहुंच सके और उनका रास्ते में दम निकल गया। डॉक्टर्स का कहना था कि लू की वजह से लोगों की जान जा रही है।
भर्ती किए गए एक दर्जन मरीज
एसआरएन अस्पताल में लू की चपेट आए 12 मरीजों का इलाज किया जा रहा है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान घटकर 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 33.6 दर्ज किया गया। सुबह से आसमान में बादल छाए रहे। जिसकी वजह से तेज धूप का सामना लोगों को नहीं करना पड़ा। दोपहर में तेज धूप निकली और उसके साथ गर्म हवाओं का कहर जारी रहा। इसकी वजह से तमाम लोग अचेत होकर गिर पड़े। इसके पहले उनका इलाज होता, उन्होंने गर्मी से दम तोड़ दिया। यह सभी लोग प्रयाग स्टेशन, बड़ी बगिया, कीडगंज, कर्नलगंज, धूमनगंज सहित तमाम इलाकों में मृत पाए गए हैं।

बादल रहेंगे लेकिन नहीं मिलेगा सुकून
दूसरी ओर रात का तापमान बढ़कर 33.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि शनिवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे। इससे दिन का तापमान गिरेगा लेकिन गर्म हवाओं का चलना जारी रहेगा। जिससे लोगों को सचेत रहना होगा। बता दें कि भीषण गर्मी के कारण डायरिया के मरीजों की संख्या भी बढऩे लगी है। जिसमें एसआरएन अस्पताल में छह व कॉल्विन में चार मरीज शुक्रवार को भर्ती हुए। वहीं कॉल्विन में डायरिया के कुल मरीजों की संख्या 18 हो गई है। हालांकि यह मरीज शहर के अलग-अलग इलाकों से हैं। इन सभी की हालत गंभीर होने पर अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।


दिन में चलने वाली गर्म हवाएं लोगों के लिए जानलेवा हो सकती है। इसलिए चाहिए कि दिन में जब तक जरूरी न हो बाहर मत निकलें। पानी खूब पिएं और शरीर को डिहाइड्रेट होने से बचाएं। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ख्याल रखना होगा।
डॉ। संजय त्रिपाठी, फिजीशियन