-कानपुर के बाद प्रयागराज के अनाथालय की दो लड़कियों में कोरोना की पुष्टि

-इलाज के लिए कोटवा हॉस्पिटल भेजा गया, नहीं था कोई लक्षण

-अनाथालय को किया गया सैनेटाइज, दोबारा कराई जाएगी जांच

PRAYAGRAJ: खुल्दाबाद एरिया स्थित बालिका बालगृह की दो लड़कियों का कोरोना पॉजिटिव होना किसी के गले नही उतर रहा है। जबरदस्त कस्टडी के बीच रहने वाले बच्चों तक यह संक्रमण कैसे पहुंचा यह बड़ा सवाल है। जबकि इस प्रिमाइसेस के अन्य लोगों में किसी में भी संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है। इससे अधिकारी भी आश्चर्य में पड़े हैं। उनका कहना है कि प्रशासन से दोबारा दोनों लड़कियों की जांच कराने की मांग की गई है।

रिपोर्ट आने के बाद लगा झटका

इस प्रिमाइसेस में एक साथ कई सरकारी अनाथालयों में शिफ्ट किया गया है। इसमें बालक और शिश़ बालगृह के साथ बालिका बालगृह भी शामिल है। बच्चों, लड़कियों और स्टाफ आदि मिलाकर 659 लोगों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। लेकिन इनमें से केवल दो की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें एक 13 और एक 19 साल की है।

कानपुर की घटना के बाद कराई गई जांच

बता दें कि कानपुर के अनाथालय में बड़ी संख्या में लड़कियों के पॉजिटिव मिलने के बाद प्रदेश के सभी अनाथालयों में सैंपलिंग कराई जा रही है। इसी क्रम में प्रयागराज में भी कैंप लगाकर सैंपल लिए गए थे। इनमें से दो को कोरोना संक्रमण पाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से दोनों लड़कियों की दोबारा जांच कराने की मांग की गई है। फिलहाल इन्हें कोटवा भेजा दिया गया है। गुरुवार को रिपोर्ट आने के बाद अनाथालय परिसर को सेनेटाइज कराया गया। इसके बाद बच्चों को दोबारा शिफ्ट करा दिया गया।

दो लड़कियों का सैंपल दोबारा कराने की मांग की गई है। सेनेटाइजेशन कराने के बाद बच्चों का दोबारा शिफ्ट करा दिया गया है। दोनों को कोई लक्षण नहीं था। चूंकि पहले ही 667 की जांच निगेटिव आई है इसलिए उनको क्वारंटीन करने का सवाल नहीं उठता है।

-पंकज मिश्रा, जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रयागराज