पत्‍‌नी से केस चल रहा था, सोमवार को थी सुनवाई

ALLAHABAD: कर्नलगंज थाना क्षेत्र के मम्फोर्डगंज मोहल्ले में रहने वाले 30 वर्षीय एक व्यकित ने पत्‍‌नी से परेशान होकर शुक्रवार रात फांसी लगाकर जान दे दी। शनिवार सुबह जब इस घटना की जानकारी हुई तो घर में रोना पीटना मच गया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे से पुलिस को ऐसा कुछ नहीं मिला जिससे घटना का कारण पता चले।

एक साल पहले हुई थी शादी

ममफोर्डगंज का रहने वाले कृष्ण कुमार के दो बेटों में बड़ा अतीश एक स्वयंसेवी संगठन में काम करता था। उसकी शादी साल भर पहले प्रियंका से हुई थी। विवाह के बाद ही पारिवारिक मामलों को लेकर पति-पत्‍‌नी के बीच आए दिन झगड़ा शुरू हो गया। नौबत यहां तक आ गई कि दोनो कोर्ट जा पहुंचे। इससे परेशान अतीश कुमार सिन्हा शुक्रवार की रात घर के एक कमरे में फांसी पर लटक गया। बेटे की मौत से मां मधु व भाई अभिषेक का रो-रोकर बुरा हाल था।

परिवार के लोगों ने बताया है कि अतीश का पत्‍‌नी से आए दिन झगड़ा होता था। दोनों के बीच मुकदमा भी चल रहा था। इसमें सोमवार को सुनवाई होनी है। घरवालों ने बताया है कि पत्‍‌नी से परेशान होकर अतीश ने खुदकुशी कर ली है।

अवधेश प्रताप

इंस्पेक्टर कर्नलगंज