प्रयागराज (ब्‍यूरो)। सरकारी अस्पतालों की स्थिति किसी से छिपी नही है। अक्सर दवाएं नही मिलती या फिर डॉक्टर चैंबर से नदारद रहते हैं। और भी कई समस्याएं होती हैं, ऐसे में मरीज और परिजन सुविधा के लिए दर दर भटकते रहते हैं। लेकिन, अब भटकने के बजाय अपने मोबाइल से केवल एक कॉल करना है। इसके बाद तत्काल सुविधा उपलब्ध होगी। हालांकिे सरकार ने यह नंबर पूर्व में ही जारी किया था लेकिन पब्लिक को जानकारी नही होने से इसका लाभ लेने वालों की संख्या सीमित ही रह गई।

बिना किसी चार्ज के करिए कॉल
सरकारी अस्पतालों में इलाज की प्रापर सुविधा नही मिलने पर सरकार ने 104 हेल्प लाइन नंबर जारी किया है, लेकिन लोगों को इसके बारे में जानकारी नही है। इस नंबर पर बिना किसी चार्ज के कॉल किया जा सकता है। नंबर डायल करने के बाद सबसे पहले एक, दो, तीन, चार आप्शन मांगा जाता है। पहले नंबर पर काम्प्लेंट दर्ज कराने के लिए खुद कस्टमर केयर प्रतिनिधि से बातचीत होती है। कम्प्लेंट दर्ज कराने के बाद सरकार ने तत्काल कार्रवाई का प्रावधान किया है।

ये सुविधाएं भी उपलब्ध
इसके साथ ही मरीजों और आम जनता को अन्य सुविधाएं भी मिलती है।
अगर किसी को डॉक्टरी सलाह चाहिए तो वह 104 नंबर हेल्पलाइन पर कॉल करके इस सुविधा का लाभ ले सकता है।
उसे फोन पर ही समस्या पूछकर दवाओं और उनकी डोज की भी जानकारी दे दी जाएगी।
इसके अलावा फैमिली प्लानिंग के बारे में भी इसी हेल्पलाइन पर पूरी इनफार्मेशन उपलब्ध है।
दो बच्चों में कितना अंतर होना चाहिए, किस तरह से गर्भधारण करने से बचा जा सकता है, गर्भाधान के लिए माताओं को कैसा पौष्टिक आहार चाहिए, यह भी इसी हेल्पलाइन में बताया जाता है।
इसके अलावा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की भी जानकारी यहां उपलब्ध है।

हमारी पड़ताल में दिखी अज्ञानता
104 हेल्पलाइन के बारे में आम जनता को कितना पता है। इस बारे में दैनिक जागरण आई नेक्स्ट ने बेली अस्पताल के बीस मरीजों से सवाल किए तो इसमें से 18 लोगों को भी इसकी जानकारी नही थी। महज दस फीसदी ने कहा कि उन्होंने इसके बारे में सुना है लेकिन सुविधा का लाभ अभी तक नही लिया है। यह भी बता दें कि अगर कोई महिला गर्भवती है और इलाज से छूट रही है तो इस नंबर पर जानकारी देने पर उस महिला के पास जल्द से जल्द आशा को भेज दिया जाता है।