प्रयागराज (ब्‍यूरो)। महिला खिलाड़ी छवि यादव ने रेलवे के प्रयागराज मंडल का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। छवि यादव ने नेशनल फेडरेशन सीनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीता है।

भुवनेश्वर में आयोजित प्रतियोगिता के तीन हजार मीटर के स्टीपलचेज में छवि यादव ने यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने दस मिनट सात सेंकेड का समय लेते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। छवि यादव प्रयागराज मंडल के कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर उप मुख्य टिकट निरीक्षक पद पर कार्यरत हैं। मंडल रेल प्रबंधक हिमांशु बडोनी ने छवि को गोल्ड मेडल के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

पहले भी हासिल कर चुकी हैं कई उपलब्धि
बता दें कि इसके पूर्व छवि यादव ने वल्र्ड रेलवे क्रॉस कंट्री 2022 में स्वर्ण पदक, नेशनल क्रॉस कंट्री 2023 में स्वर्ण पदक, नेपाल में आयोजित एशियन क्रॉस कंट्री 2023 की दस किलोमीटर में स्वर्ण पदक हासिल कर चुकी हैं। जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने कहा कि यह प्रयागराज मंडल के गर्व की बात है कि मंडल में कार्यरत महिला खिलाड़ी ने गोल्ड मेडल जीता है।

महिला खिलाड़ी छवि यादव लगातार प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। मैं महिला खिलाड़ी छवि यादव के उज्जवल भविष्य की कामना करता हूं। छवि यादव को ढेरों बधाई।
हिमांशु बडोनी, मंडल प्रबंधक