कर्नलगंज थाने में मुकदमा दर्ज, निरीक्षक ने कहा संज्ञान में नहीं है ऐसा कोई मामला

PRAYAGRAJ: केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल के खिलाफ फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। मामला संज्ञान में आया तो एसपी क्राइम तत्काल एक्टिव हो गए। उनके आदेश पर शुक्रवार को कर्नलगंज थाने में मुकदमा लिखा गया। थाने में केस दर्ज इस मुकदमे की बाबत जानकारी निरीक्षक कर्नलगंज से चाही गई। वह ऐसा कोई मामला संज्ञान में होने से इंकार किए।

आरोपित की तलाश में जुटी पुलिस

अपना दल की नेता अनुप्रिया पटेल केंद्रीय राज्य मंत्री हैं। इनके खिलाफ फेसबुक पर की गई अभद्र टिप्पणी तेजी से वायरल हो रहा था। लोग इस टिप्पणी पर अपने- अपने विचार भी लिख रहे थे। समर्थक आक्रोशित भरे लहजे में भी जवाब दिए। यह बात संज्ञान में आती ही एसपी क्राइम ने गंभीरता से लिया। उन्होंने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच के आदेश कर्नलगंज पुलिस को दिए। उनके आदेश पर कर्नलगंज थाने के दरोगा उमाशंकर ने तहरीर दी। तहरीर में उन्होंने फेसबुक आईडी संचालक सरदार वंशी रामपाल वर्मा का जिक्र किया। आरोप लगाया कि इन्हीं की आईडी पर केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की गई। तहरीर पर फेसबुक आईडी संचालक पता अज्ञात के खिलाफ धारा 504 व 67 के तहत केस दर्ज किया गया। आरोपित की तलाश में पुलिस जुट गई है।

थाने में ऐसा कोई मुकदमा दर्ज हुआ है यह बात जानकारी में नहीं है। ऐसा कुछ होगा भी तो बड़े अधिकारियों के पास शिकायत गई होगी। मेरे संज्ञान में प्रकरण नहीं है।

कुलदीप सिंह सेंगर, प्रभारी निरीक्षक कर्नलगंज