प्रयागराज ब्यूरो । पुनरीक्षित बजट की चर्चा के दौरान सड़क पर घूम रहे मवेशी एवं आवारा कुत्तों पर कार्यकारिणी समिति के सदस्यों ने कड़ी आपत्ति जतायी। कार्यकारणी उपाध्यक्ष अखिलेश सिंह ने बताया कि सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक गाय-भैंसों का विचरण नगर की सड़कों पर होता रहता है। ऐसे में नगर में गंदगी का साम्राज्य फैला रहता है। जिस पर सहमति बनी कि पहले पशुपालकों के साथ बैठक कर उन्हें सड़क पर मवेशियों को न छोडऩे की चेतावनी दी जाये। इसके बाद भी अगर मवेशी सड़क पर दिखाई दिये तो पशुपालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी। इसी तरह आवारा कुत्तों को लेकर चर्चा की गयी। बताया गया कि करेली में आवारा कुत्तों के ठौर के लिए निर्माण कराया जा रहा है। बहुत जल्द कुत्तों को पकड़कर वहां भेजा जायेगा।

बाक्स
मृतक आश्रितों को तत्काल मिलेगा बीस हजार रुपये
कार्यकारिणी उपाध्यक्ष अखिलेश सिंह ने बताया कि अभी तक मृत कर्मचारियों के आश्रितों को तत्काल पांच हजार रुपये दिया जाता था, लेकिन कुछ वर्षों से इसे बंद कर दिया गया। उन्होंने फिर से सहायता देने के लिए प्रस्ताव रखा। जो पास हो गया। इसके अलावा कर्मचारी वेलफेयर फंड की स्थापना कर मृतक आश्रित को बीस हजार की सहायता तत्काल दी जायेगी। इस पर भी चर्चा हुई और प्रस्ताव पास हो गया। तय हुआ कि हर कर्मचारी हर माह चालीस रुपये उक्त फंड में देगा।

कब्जा जमाये कर्मचारियों से खाली होगा आवास, होगा जीर्णोद्वार
कार्यकारिणी समिति की बैठक में जलकल के कर्मचारियों द्वारा वर्षों से कब्जा जमाये आवासों को खाली कराने पर भी चर्चा हुई। उपाध्यक्ष के अनुसार जो जलकल कर्मी निलंबित, या बर्खास्त हो चुके हैं या सेवानिवृत्त हो चुके हैं, वह आवास पर कब्जा जमाकर बैठे हुए है, जिससे अन्य कर्मचारियों को आवास उपलब्ध नहीं हो पाता। इस पर सहमति बनी कि कब्जा जमाये लोगों को अविलंब हटाया जाय। जिसकी जिम्मेदारी अपर नगर आयुक्त अरविंद राय को दी गयी। इसके अलावा नगर निगम जोन कार्यालयों या आसपास रह रहे नगर निगम कर्मियों के जर्जर भवनों का जीर्णोद्वार होगा और नियमानुसार कर्मचारियों को आवास एलाट कराया जायेगा।

करोड़ों की लागत से बीस रोबोट खरीदेगा नगर निगम
नगर में कूड़ा उठान को लेकर भी चर्चा की गयी। उपाध्यक्ष सहित समिति के अन्य सदस्यों ने कहा कि नगर में कूड़ा बजबजा रहा है। संसाधन के अभाव में कूड़े का उठान नहीं हो रहा। जिस पर उपाध्यक्ष ने बीस रोबोट क्रय करने का प्रस्ताव रखा, जो पास कर दिया गया। उपाध्यक्ष के अनुसार करीब आठ करोड़ की लागत से रोबोट नगर निगम खरीदेगा।


सत्तर करोड़ रुपये की होगी वसूली, भेजेंगे नोटिस
उपाध्यक्ष के अनुसार बैठक में गृहकर एवं जलकर बकाया की वसूली को लेकर भी चर्चा की गयी। बताया कि करीब सत्तर करोड़ रुपये के रूप में कर बाकी है। जिसमे सरकारी, गैर सरकारी, होटल आदि प्रतिष्ठान शामिल है। तय हुआ है कि सभी बड़े बकायादारों को नोटिस भेजा जाय और वसूली की जाये। नोटिस के बाद भी अगर कर नहीं जमा किया जाता तो विधिक काररवाई की जाये। बैठक में पुनरीक्षित बजट को लेकर आये प्रस्ताव को पास कर दिया गया। आगामी दो दिसम्बर को सदन के पटल पर पास प्रस्ताव को रखा जायेगा और फिर अंतिम मुहर लगेगी।

बिछेगी सीवर और पाइपलाइन
नैनी विस्तारित क्षेत्र में घरों तक सीवर लाइन को जोडऩे और पेयजल पाइपलाइन बिछाने पर दो करोड़ के बजट का प्रस्ताव रखा गया। चाचर नाला पर दो गेट बनाने का प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया।