प्रयागराज (ब्‍यूरो)। मुंडेरा मंडी बंद कर देने क निर्देश जारी होने से व्यापारी परेशान हो गए हैं। व्यापारियों ने जिला निर्वाचन अधिकारी से मंडी खोलने की मांग की है। मंडी को बंद करने का निर्देश नगर मजिस्ट्रेट ने जारी किया है। व्यापारियों की मांग के बावजूद मंडी खोलने को लेकर सोमवार रात तक प्रशासन की तरफ से कोई सूचना जारी नहीं की गई।

नगर मजिस्टे्रट एवं सभापति कृषि उत्पादन समिति की तरफ से एक आदेश पत्र जारी किया गया। जिसमें कहा गया है कि 27 मई से छह जून तक मंडी को बंद किया जाता है। इसकी जानकारी होने पर व्यापारियों में हड़कंप मच गया। मंडी में बड़ी संख्या में व्यापारी सब्जियों का कारोबार करते हैं। मंडी को बंद करने की सूचना से व्यापारी परेशान हो गए। मंडी के व्यापारियों की तरफ से विजय पाल ने एक मांग पत्र जिला निर्वाचन अधिकारी को दिया है। जिसमें कहा गया है कि 22 मई से 26 मई तक नोटिस के माध्यम से मंडी बंद करने की सूचना दी गई थी। जिसका सभी व्यापारियों ने पालन किया। 26 मई की रात दस बजे से 31 मई तक मंडी को खोलने का निर्देश दिया गया था। मगर 27 मई को अचानक मंडी को बंद करने का आदेश जारी कर दिया गया। पूर्व में सूचना नहीं होने की वजह से सैकड़ों किसान अपनी सब्जियां मंडी में ले आए हैं। मंडी बंद होने से किसानों का सामान नष्ट हो जाएगा। ईवीएम सुरक्षा बलों की सुरक्षा में है। जिससे किसानों का कोई लेना देना नहीं है। ऐसे में मंडी को दो जून तक खोलने की अनुमति दी जाए। हालांकि इस मांग पत्र पर प्रशासन ने सोमवार देरशाम तक कोई निर्णय नहीं लिया था।

बाहर से आती हैं सब्जियां
मुंडेरा मंडी में लोकल किसानों के अलावा बाहर की मंडियों से डायरेक्ट सब्जियां आती हैं। इसके लिए मंडी के आढ़तिए पूर्व में ही आर्डर दिए रहते हैं। मंडी बंद होने से लोकल किसानों के अलावा आढ़तियों को भी भारी नुकसान होगा। इसके अलावा सब्जियों के कारोबार पर भी असर होगा। शहर की आधी से ज्यादा सब्जी का कारोबार मुंडेरा से होता है। दस दिन तक मंडी बंद होने से शहरियों को सब्जियों के लिए परेशान होना पड़ेगा।

मंडी में रोजाना लाखों रुपये की सब्जियों का कारोबार होता है। अचानक मंडी बंद करने के निर्णय से किसानों को भारी नुकसान होगा। जबकि पूर्व में चुनाव के वक्त ऐसा नहीं किया जाता था। ऐसे में इस बार प्रशासन का मंडी को इतने लंबे समय तक बंद करने का निर्णय समझ से परे है।
धनंजय सिंह अध्यक्ष मुंडेरा व्यापार मंडल