प्रयागराज (ब्‍यूरो)। ऐसा जाम न कभी देखा न सुना। सोमवार को सुबह नौ बजे से अगले पांच घंटे तक आधा शहर जाम में इस कदर फंसा की कराह निकल गई। सिर पर आग बरसाता सूरज और सड़क पर गाडिय़ां आगे खिसकने का नाम नहीं ले रही थीं। जाम में फंसे लोग त्राहि त्राहि कर उठे। यातायात विभाग की लापरवाही का असर ये रहा कि जाम में फंसे लोग तड़प उठे। न जाने कितने लोगों की तबियत खराब हो गई। दोपहर बाद जाम से लोगों को राहत मिली। मगर तब तक जाम में फंसे लोगों का दम निकल चुका था।

पाइप लाइन की वजह से लगा जाम
सोहबतियाबाग एरिया में सोमवार सुबह सड़क पर पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू किया गया। नौ बजे के करीब सोहबतियाबाग एरिया में जाम लग गया। यातायात विभाग जाम को खुलवा पाता इसके पहले ही वाहनों की कतार बांगड़ धर्मशाला तक पहुंच गई। इधर सीएमपी डॉट पुल तक वाहन जहां तहां खड़े हो गए। अलोपीबाग फ्लाईओवर चोक हो गया। फ्लाईओवर के नीचे से दारागंज और झूंसी जाने वाली रोड पर भी वाहनों की कतार लग गई।

नैनी जाने वाले दोनों पुल हुए ठप
बांगड़ धर्म शाला तक वाहनों की कतार लगने से लोग बैरहना होकर सीएमपी के सामने से जाने लगे। मगर कुछ ही देर में बैरहना की ये सड़क भी जाम हो गई। जिसका नतीजा हुआ कि नैनी यमुना पुल पर वाहनों की कतार लग गई। दस बजे तक आधा शहर काम धंधे और नौकरी के सिलसिले में सड़क पर आ जाता है। नैनी पुल जाम हो गया। तो नैनी की तरफ से आने वाले पुराने पुल से प्रवेश करने लगे। कुछ देर में पुराना पुल भी जाम हो गया। जिसका असर जमुना क्रिश्चियन कालेज के सामने से कोठापार्चा की तरफ जाने वाली सड़क पर पड़ा। कोठापार्चा जाम हुआ तो मु_ीगंज भी प्रभावित हो गया। इसके बाद लीडर रोड और जीरो रोड भी जाम में फंस गया।

आजाद और शास्त्री ब्रिज पर जाम
झूंसी की तरफ से आने वाले वाहन अलोपीबाग से आगे नहीं बढ़ पाए। जिससे शास्त्री ब्रिज पर वाहन जहां के तहां खड़े रह गए। वहीं झूंसी जाने वाले वापस फाफामऊ पुल से होकर जाने लगे तो यह पुल भी जाम की चपेट में आ गया। फाफामऊ पुल सुबह नौ बजे से शाम को छह बजे तक जाम की चपेट में रहा।

गश खाकर गिरे लोग
सीएमपी डिग्री कालेज के पास रोशन लाल बाइक से जाम में फंसे थे। अचानक वह गश खाकर अचेत हो गए। रोशन लाल बाइक लेकर गिर पड़े। आसपास खड़े लोग उन्हें छांव में ले गए। वहीं, अलोपीबाग फ्लाईओवर के पास राजन भारतीया गश खाकर गिर पड़े।

एम्बुलेंस को नहीं मिल पाया रास्ता
अलोपीबाग फ्लाईओवर के नीचे एक एम्बुलेंस जाम में फंस गई। एम्बुलेंस कर्मी आगे निकलने के लिए लगातार हूटर बजाते रहे, मगर रास्ता नहीं मिल सका। करीब एक घंटा तक एम्बुलेंस जाम में फंसी रही।


लोगों से आपस में हुई बहस
जाम में फंसे कई लोगों में नोकझोंक भी हो गई। वजह यह थी कि चिलचिलाती धूप में वह घंटों जाम में फंसे थे और जब थोड़ा सा आगे जाने का मौका मिलता तो दूसरा वाहन सवार अपनी गाड़ी को आड़े-तिरछे तरीके से आगे कर देता। इसे लेकर सोहबतियाबाग, रामबाग व निरंजन डाट पुल के नीचे कई बार लोगों में नोकझोंक हुई। हाथापाई तक की नौबत आ गई। हालांकि, अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया।