प्रयागराज ब्यूरो । सावधान रहिए। बस से सामान चोरी हो सकता है। एक परिवार के साथ ऐसा ही हुआ। अहमदाबाद से लौटे एक परिवार को सिविल लाइंस बस अड्डे पर लूट लिया गया। परिवार ने बैग बस में रख दिया। इसके बाद अपनी सीट पर बैठ गया। परिवार गोपीगंज में उतरा। जब वह अपने घर पहुंच गया तो बैग का हाल देख माथा पीटकर रह गया। बैग को धारदार औजार से फाड़ कर उसमें से लाखों का गहना गायब कर दिया गया था। मामले में युवक ने रोडवेज बस के कंडक्टर और चालक को आरोपित करते हुए सिविल लाइंस थाने में केस दर्ज कराया है। सिविल लाइंस पुलिस मामले की जांच कर रही है।

रोडवेज बस में हुई घटना
विनय कुमार गोपीगंज भदोही के रहने वाले हैं। विनय की बहन की शादी अहमदाबाद में हुई है। विनय अपनी बहन पूजा को अहमदाबाद से लेकर लौट रहे थे। विनय अहमदाबाद गोरखपुर एक्सप्रेस से लौटे। छिवकी स्टेशन से टेंपो से अपनी बहन के साथ सिविल लाइंस बस अड्डा पहुंचे। यहां पर वह रोडवेज बस नंबर यूपी 65 सीटी 3936 के पास पहुंचे। वहां बस के कंडक्टर ने विनय से उनका दो ट्राली बैग ले लिया। कंडक्टर ने दोनों ट्राली बैग को ड्राइवर की सीट के पास रख दिया। इसके बाद कंडक्टर ने विनय और उसकी बहन को पीछे की सीट पर बैठ जाने के लिए कहा। दोनों पीछे की सीट पर बैठ गए।

घर पहुंचने पर पता चला
विनय और उसकी बहन पूजा रास्ते में राजपूत ढाबा के पास बस से उतरे। इसके बाद दोनों अपने घर चले गए। वहां पर पूजा ने एक ट्राली बैग देखा तो उसके होश उड़ गए। बैग का निचला हिस्सा किसी धारदार औजार से काटा गया था। बैग से सोने का हार, चांदी की पाजेब, चांदी की कमर बंद, सोने का मांग टीका, सोने की अंगूठी और चांदी की बिछिया, एक नया मोबाइल गायब था। इस पर विनय ने सिविल लाइंस थाने में कंडक्टर और ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कराया है।


रोडवेज बस से ट्राली बैग काटकर लाखों रुपये का गहना गायब कर दिया गया। इसकी तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। जल्द ही ड्राइवर और कंडक्टर से पूछताछ की जाएगी।
रामश्रय यादव, इंस्पेक्टर सिविल लाइंस

आए दिन गायब होता है सामान
रोडवेज बस अड्डे पर यह पहली घटना नहीं है। रोडवेज बस अड्डा सिविल लाइंस में आए दिन आपराधिक घटनाएं होती हैं। सामान गायब हो जाने की घटनाएं आम हैं। मगर यात्री दूर दराज के होते हैं, इसलिए पुलिस भी चुप्पी साधे रहती है।