्रकितने बच्चों को बेचा, पता लगाना पुलिस के लिए बड़ा चैलेंज

शाहगंज पुलिस ने बच्चा चोरी गिरोह का राजफाश किया और पड़ताल को आगे बढ़ाया तो चौंकाने वाले फैक्ट्स सामने आने लगे हैं। सूत्रों का कहना है कि पुलिस को जांच में ऐसे तथ्य पता चले हैं जो संकेत देता है कि आफरीन और पूजा नवजात बच्चों की सौदागर हैं। वह नि:संतान लोगों को बच्चा उपलब्ध कराने का ठेका लेती थीं। इस काम में आशा कार्यकर्ता उसकी बराबर की मददगार थी क्योंकि वह पास उस एरिया की महिलाओं के स्वास्थ्य की देखरेख है जहां से बच्चे आसानी से उठाए जा सकते हैं। यह तथ्य पता चलने के बाद पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश में जुट गयी है कि अब तक कितने लोगों के साथ ऐसा हो चुका है।

एक आरोपित की तलाश जारी

रेलवे जंक्शन के गेट नंबर तीन के पास से मंगलवार रात चोरी हुई 20 दिन की बच्ची कुमकुम को बरामद कर पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया था। इसमें तीन तो वे लोग थे, जिन्होंने बच्ची को खरीदा था, जबकि तीन वे थे जिन्होंने बच्ची का सौदा तय किया था। हालांकि, बच्ची को चोरी करने वाला मुख्य आरोपित अंकित पकड़ से अभी तक दूर है। उसकी तलाश में पुलिस की दबिश जारी है। शाहगंज इंस्पेक्टर जयचंद्र शर्मा पूरे प्रकरण की पड़ताल कर रहे हैं। उनके सामने जांच में जो तथ्य आए हैं उसके अनुसार गिरफ्तार आफरीन और पूजा जंक्शन के पास ही रहती हैं। आशा कार्यकर्ता अधिकांश उन्हीं महिलाओं का प्रसव कराती थी जो सड़क किनारे त्रिपाल लगाकर रहती हैं। वह अपनी मदद के लिए आफरीन और पूजा को भी साथ ले जाती थी। नि:संतान लोग आशा कार्यकर्ता से ही बच्चा दिलाने की बात करते थे, जिस पर वह आफरीन और पूजा से संपर्क को कहती थी और उनका मोबाइल नंबर भी वह देती थी। लोग जब आफरीन और पूजा से संपर्क करते थे तो बच्चा देने के लिए सौदा तय होता था। इसमें कभी-कभी अंकित को भी शामिल किया जाता था।

गरीब महिलाएं सवाल नहीं करतीं

अभी इस बात का राजफाश नहीं हुआ है कि उन्होंने कितने नवजात को चोरी कर बेचा है। यह भी पता चला है कि प्रसव के दौरान आफरीन और पूजा नवजात को मृत बता देती थीं। आशा कार्यकर्ता इसमें उनकी मदद करती थी। बेहद गरीब तबके की महिलाएं ज्यादा इस बारे में पूछती भी नहीं थीं और आराम से ये उनके नवजात को बेचकर मोटी रकम हासिल कर लेती थीं। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपित अंकित की तलाश की जा रही है। उसकी गिरफ्तारी के बाद सभी राज से पर्दा उठने की पूरी संभावना है। अब तक छह लोगों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया।