प्रयागराज (ब्‍यूरो)। गर्मी की छुट्टियां शुरू होने वाली है। ऐसे में कुछ बच्चे अपने पैरेंटस संग बाहर ट्रिप पर जाने का प्लान कर चुके होंगे। मगर चुनाव के मद्देनजर इस बार आचार संहिता लागू है। इसके चलते शहर से बाहर जाने में समस्या का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में निराश होने की जरूरत नहीं है। क्योंकि इलाहाबाद म्यूजियम और उत्तर मध्य क्षेत्र संास्कृतिक केंद्र द्वारा कई सारी कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। जहां बच्चों के पास फुल इंज्वाय के साथ अपना करियर बनाने का अच्छा मौका है। यहां आयोजित वर्कशॉप में बच्चों को फोटोग्राफी, पेटिंग और नाट्य संबंधी विधाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इन विधाओं में पारंगत हो वे अपना भविष्य संवार सकते हैं।

आयोजित होंंगी नाट्य कार्यशालाएं
उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र में बच्चों के हर वर्ष नाट्य परक कार्यशालाओं का आयोजन किया जाता है। इस कार्यशालाओं में 8 वर्ष से लेकर के 16 वर्ष की आयु के बालक एवं बालिकाएं प्रतिभाग कर सकते हैं। कार्यशालाओं का आयोजन सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के निदेशक प्रो सुरेश शर्मा ने बताया कि इस कार्यशाला का उद्देश्य बच्चों को कला की उस विधा में प्रशिक्षण देना है जिसमें वे अपनी रूचि रखते हों। कार्यशालाओं में बच्चों को रंगमंच लोकगीत, लोकनृत्य, शिल्पकला, शास्त्रीय नृत्य और चित्रकला का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यशाला में एक बार में अधिकतम तीस बच्चे ही प्रतिभाग कर सकते हैं। मई के दूसरे सप्ताह से कार्यशाला का आयोजन होगा।

पेटिंग, फोटोग्राफी और क्ले पेटिंग की बताए जाएंगे टिप्स
इलाहाबाद म्यूजियम द्वारा आयोजित की जाने वाली कार्यशाला में 8 से 18 वर्ष आयु के बच्चे भाग ले सकते है। इलाहाबाद म्यूजियम द्वारा संचालित की जाने वाली कार्यशालाओं में बच्चों को फोटोग्राफी, पेटिंग और क्ले पेटिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यशाला में पार्टिसिपेट करने के लिए बच्चों को इलाहाबाद म्यूजियम स्थित कार्यालय से 100 रुपये का रजिस्ट्रेशन फॉर्म लेना होगा।
इलाहाबाद म्यूजियम के डॉ सुशील कुमार शुक्ला ने बताया कि कार्यशालाओं का संचालन 20 मई से 20 जून के मध्य किया जाएगा। लेकिन कार्यशाला में पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 मई निर्धारित की गई है। कार्यशालाओं का आयोजन सुबह 11:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक किया जाएगा।
संस्थान और कार्यशाला शुल्क
उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र द्वारा संचालित की जाने वाली कार्यशाला के लिए बच्चों को 500 और 750 रूपए का शुल्क देना होगा। वहीं इलाहाबाद म्यूजियम द्वारा संचालित की जाने वाली कार्यशाला के लिए बच्चों को 500 रूपए का शुल्क देना होगा। इसके बाद बच्चे इस कार्यशाला में प्रशिक्षण ले सकते है।