प्रयाग स्टेशन से लौट रहा था अपने घर

ALLAHABAD: शिवकुटी के अपट्रान चौराहे के पास प्रतियोगी छात्र को रविवार रात तमंचा सटाकर लूट लिया गया। छात्र प्रयाग स्टेशन से अपने रूम लौट रहा था। छात्र ने सोमवार सुबह पुलिस को खबर दी तो खलबली मची। प्रतियोगी छात्र ने पुलिस को लुटेरों का हुलिया दिया है।

जौनपुर का रहने वाला है

लूट जौनपुर के मछली शहर के रहने वाले अखिलेश पांडेय के साथ हुई। अखिलेश अपट्रान चौराहे के पास किराए का कमरा लेकर रहता है और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है। रविवार रात वह अपने रूम मेट विमल को प्रयाग स्टेशन छोड़ने गया था। विमल को छोड़ने के बाद वह रिक्शे से अपने रूम की ओर लौट रहा था। रात करीब 12 बजे के आसपास बाइक सवार दो युवकों ने रिक्शे को ओवर टेक कर रोक लिया। युवकों ने उसके सिर पर तमंचा तान दिया। बदमाशों ने 2500 रुपए, सेलफोन और घड़ी छीन ली। रिक्शा चालक ने शोर किया तो उसको बदमाशों ने धुन दिया। घटना से सहमे अखिलेश की रात में पुलिस थाने जाने की हिम्मत तक नहीं हुई। सुबह उसने कंप्लेन की तो पुलिस हरकत में आई।