प्रयागराज ब्यूरो । रिश्ते में मामा लगने वाला युवक मुन्ना को टॉफी दिलाने के बहाने उठा ले गया। कई घंटे तक युवक मुन्ना को अपने साथ इधर उधर घुमाता रहा। इसके बाद उसे करछना के नीबी गांव के पास जंगल में ले गया। वहां युवक की नीयत डोल गई। युवक ने बालक से दुष्कर्म करने का प्रयास किया। मगर लोगों के आ जाने से युवक ने मुन्ना के गले में रस्सी का फंदा कस दिया और उसे कुएं में फेंक कर भाग निकला। सीसीटीवी फुटेज से युवक की पहचान हुई। पुलिस ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस कुएं के पास पहुंची। बालक को सकुशल निकाल लिया गया। आरोपित को जेल भेज दिया गया है।

बुधवार दोपहर गायब हो गया बालक
नैनी के काजीपुर का रहने वाला रवि कुमार प्राइवेट काम करता है। उसका पांच साल का बेटा मुन्ना बुधवार दोपहर घर के बाहर खेल रहा था। अचानक वह लापता हो गया। काफी देर तक मुन्ना नहीं दिखा तो उसकी मां परेशान हुई। उसने आसपास के लोगों से अपने बेटे के बारे में पूछा। कोई भी उसके बारे में बता नहीं सका। इस पर मुन्ना की मां ने पति रवि को फोन कर बताया। रवि भाग कर घर पहुंचा। उसने भी आस पड़ोस में बेटे के बारे में पूछा। कोई जानकारी नहीं मिलने पर रवि पड़ोसियों के साथ नैनी थाने पहुंच गया।

इंस्पेक्टर ने लिया फौरन एक्शन
नैनी इंस्पेक्टर यशपाल सिंह शाम को करीब छह बजे गश्त पर निकलने की तैयारी में थे। थाने की जीप स्टार्ट थी। तभी रवि पहुंच गया। यशपाल सिंह को रवि ने रो रोकर बेटे मुन्ना के गायब होने की जानकारी दी। इंस्पेक्टर यशपाल सिंह कुछ देर के लिए सोचने लगे। फिर अचानक यशपाल को लगा कि लापरवाही ठीक नहीं। मामला गड़बड़ हो सकता है। बच्चे की जान का सवाल है। अमूमन पुलिस ऐसे मामलों को टरका देती है। मगर यशपाल सिंह फौरन एक्टिव हो गए। यशपाल ने तीन टीम बनाई। एक टीम को खुद लीड किया बाकी दो टीम दरोगाओं को सौंप दी। तीनों टीम एक्टिव हो गई।

सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान
इंस्पेक्टर यशपाल सिंह रवि को लेकर उसके घर पहुंच गए। वहां आसपास कोई सीसीटीवी नहीं लगा था। काफी प्रयास के बाद रवि के घर से दूर एक सीसीटीवी नजर आया। इंस्पेक्टर यशपाल सिंह ने सीसीटीवी फुटेज देखी। पास में रवि भी था। उसने अपने बेटे को ले जा रहे युवक को पहचान लिया। मुन्ना को दुर्गेश ले जा रहा था।

दुर्गेश को मामा कहता है मुन्ना
करछना के नीबी का रहने वाला दुर्गेश रवि के पड़ोस में अपने एक रिश्तेदार घर आता जाता था। इस नाते मुन्ना दुर्गेश को मामा कहता था। सीसीटीवी फुटेज से दुर्र्गेश की पहचान हो गई तो पुलिस उसके रिश्तेदार के घर पहुंच गई। यह सब होने में रात दस बज गए। रिश्तेदार से इंस्पेक्टर यशपाल सिंह को दुर्गेश का नंबर मिला। इसके बाद इंस्पेक्टर ने एसओजी की मदद मांगी। कुछ ही देर में एसओजी भी एक्टिव हो गई। दुर्गेश का मोबाइल नंबर सर्विलांस
पर लगा दिया गया। सर्विलांस पर दुर्गेश की लोकेशन नीबी गांव में मिली। आधी रात को इंस्पेक्टर ने पुलिस टीमों के साथ दबिश देकर दुर्गेश को हिरासत में ले लिया। इसके बाद सारी कहानी खुल गई।

कुएं में फेंककर भागा था दुर्गेश
पुलिस हिरासत में दुर्गेश ने बताया कि वह दोपहर में काजीपुर गया था। वहां से वह मुन्ना को टॉफी दिलाने के बहाने ले आया। शाम तक वह उसे लेकर घूमता रहा। इसके बाद अपने गांव के पास जंगल में पहुंच गया। वहां वह उसके साथ कुकर्म
करना चाहता था। मगर कई परिचित उधर से जा रहे थे। पकड़े जाने के डर से उसने मुन्ना के गले में रस्सी का फंदा कस दिया। इसके बाद मुन्ना अचेत हो गया तो उसे कुएं में फेंक कर भाग निकला।

पुलिस ने कुएं से निकाला
कुछ देर में सारी तस्वीर साफ हो गई। पुलिस के आने की खबर पर गांव के लोग इक_ा हो गए। इंस्पेक्टर यशपाल ने गांव वालों को पूरी बात बताई। इसके बाद पुलिस और गांव के लोग कुएं के पास पहुंच गए। इंस्पेक्टर ने टार्च लगा कर देखा तो मुन्ना कुएं में बैठा था। कुआं सूखा था। आवाज सुनकर मुन्ना रोने लगा। कुछ ही देर में गांव के युवक रस्सी के सहारे कुएं में उतर गए। दस मिनट के अंदर मुन्ना को कुएं के बाहर निकाल लिया गया। रवि और उसका परिवार मुन्ना को सकुशल पाकर खुश हो गए।

नैनी पुलिस को सलाम
नैनी पुलिस को सलाम है। सूचना मिलने के बाद लगातार एक्टिव नैनी पुलिस ने पांच साल के बालक की जान बचाकर अपने डिपार्टमेंट के लिए एक नजीर पेश की है। इस घटना से दूसरे पुलिस वालों को सबक लेना चाहिए। जोकि पीडि़त को मदद के बजाए टरका देते हैं।


रिश्ते में मामा लगने वाले युवक ने पांच साल के बालक को उसके घर के पास से अगवा कर लिया। सूचना मिलने पर फौरन कार्रवाई की गई। बालक कुएं के अंदर मिला। शुक्र है उसकी जान बच गई। आरोपित को जेल भेज दिया गया है।
यशपाल सिंह, इंस्पेक्टर नैनी



2 बजे दोपहर में गायब हुआ मुन्ना
4 बजे मां को बेटे की आई याद
5 बजे मां ने पति को किया फोन
6 बजे रवि ने इंस्पेक्टर को दी सूचना
10 बजे सीसीटीवी फुटेज से दुर्गेश की हुई पहचान
11.45 पर पकड़ा गया दुर्गेश
12.15 पर पुलिस पहुंची कुएं के पास
12.35 पर कुएं से निकाला गया बालक