प्रयागराज (ब्‍यूरो)। कीडगंज पुलिस ने एक हत्यारोपित को गिरफ्तार किया है। कीडगंज के चौखंभा मोहल्ले में लाठी डंडे से मारपीट कर बाइक
मैकेनिक आशू निषाद की हत्या की गई थी। घटना शनिवार रात की है। इस मामले में बाइक मैकेनिक के पिता ने आधा दर्जन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया था। जिसमें से एक हत्यारोपित को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। युवक की गिरफ्तारी मिन्टो पार्क के पास से दिखाई गई है। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है। पकड़े गए युवक के कब्जे से लाठी डंडा और लोहे की रॉड बरामद की गई है।

ये है मामला
नैनी के अरैल मोड़ का रहने वाला आशू निषाद बाइक मैकेनिक था। आशू की ससुराल कीडगंज के चौखंभा मोहल्ले में है। वह शनिवार रात अपनी ससुराल आया था। रात में वह सड़क पर घूम रहा था। तभी उसे पीयूष निषाद, सौरभ, सत्यम, सानू, बृजेश, कल्लू और रवि ने घेर लिया। आशू और पीयूष का पहले से विवाद था। पुराने विवाद को लेकर दोनों में झगड़ा शुरू हो गया। आशू अकेला था। जिस पर पीयूष के साथ रहे लड़कों ने आशू को लाठी डंडे और लोहे की रॉड से पीटना शुरू कर दिया। आशू लहुलूहान होकर गिर पड़ा। एसआरएन अस्पताल में उसकी मौत हो गई।

मिन्टो पार्क से हत्यारोपित गिरफ्तार
घटना के बाद से सभी आरोपित अपने घरों से फरार थे। एक आरोपित पीयूष निषाद मिन्टो पार्क में छिपा हुआ था। जानकारी मिलने पर दारोगा उमाशंकर सिंह ने पुलिस टीम के साथ घेराबंदी करके पीयूष को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से पुलिस ने एक डंडा, एक लोहे की रॉड और एक हॉकी बरामद किया है।
बाइक मैकेनिक की आपसी विवाद में लाठी डंडे और लोहे की रॉड से पीटकर हत्या की गई थी। इस मामले में एक आरोपित को मिन्टो पार्क से गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।
- दीपा सिंह, थाना प्रभारी कीडगंज