प्रयागराज ब्यूरो। Prayagraj Crime News: पति ने फांसी लगा ली और पत्नी देखती रह गई। फांसी के फंदे पर लटकने से पहले पति ने पत्नी को वीडियो कॉल की। इसके बाद फांसी का फंदा बनाया। पत्नी को लगा कि पति डरा रहा है। मगर फांसी के फंदे पर पति तड़पने लगा तो पत्नी के होश उड़ गए। वह चिल्लाती रही, इसके बाद उसने जेठानी, ससुर को फोन किया। मगर तब तक देर हो चुकी थी। घरवाले कमरे में पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। मां और बहन चिल्ला चिल्ला कर मदद मांगने लगे। पड़ोसी जब तक आते तब तक बहुत देर हो चुकी थी। युवक की सांसें थम चुकी थी। उसे पास के अस्पताल ले जाया गया, मगर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शिक्षा विभाग में था कर्मचारी
शिवकुटी थाना एरिया के रसूलाबाद में रहने वाले ओमप्रकाश शिक्षा विभाग में कर्मचारी हैं। तीन बेटों में छोटा विवेक यादव एलएलबी की पढ़ाई पूरी कर चुका था। रविवार रात में वह अपने कमरे में था। विवेक अपनी पत्नी सपना से मोबाइल पर बात कर रहा था। दोनों के बीच बहस होने लगी। इस पर विवेक ने मोबाइल कॉल डिसकनेक्ट कर दिया। विवेक ने सपना के मोबाइल पर वीडियो कॉल की। सपना ने वीडियो कॉल रिसीव किया। इसके बाद विवेक ने अपना मोबाइल रख दिया। वीडियो कॉल चल रही थी। विवेक ने बेडशीट को पंखे में बांधा। इसके बाद फांसी का फंदा बनाया। सपना को तनिक भी एहसास नहीं हुआ कि विवेक सच में फांसी लगा लेगा। मगर विवेक विवेक ने बेड रखे स्टूल पर चढ़कर फांसी का फंदा अपने गले में डाल लिया। यह देखकर सपना चिल्लाने लगी, मगर तब तक बहुत देर हो चुकी थी। विवेक ने पैर से स्टूल को धक्का दे दिया। स्टूल गिर गया और विवेक फांसी के फंदे पर लटक कर तड़पने लगा। यह देख सपना के होश उड़ गए।

घर पर थी मां और बहन
विवेक के बड़े भाई विकास लखनऊ में परिवार के साथ रहते हैं। जबकि मझला भाई विशाल अपने परिवार के साथ ससुराल गया था। जबकि विवेक के पिता नाइट ड््यूटी पर थे। पति को तड़पता देख सपना ने जेठानी को फोन किया। इसके बाद ससुर को फोन किया। कई बार कॉल करने पर दोनों का फोन उठा। जेठानी और ससुर ने घर पर फोन किया। घर पर विवेक की मां और बहन थी। दोनों सो रहे थे। कई बार मोबाइल बजने पर बहन की नींद टूटी। विवेक के फांसी लगाने की सूचना पर वह भागकर विवेक के कमरे के पास पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद था। बहन और मां दोनों चिल्लाने लगीं। आधी रात का समय था। जब तक पड़ोस के लोग तब तक विवेक की सांसें थम चुकी थीं। इसके बाद भी पड़ोसी विवेक को पास के अस्पताल ले गए। मगर वहां पर डॉक्टरों ने विवेक को मृत घोषित कर दिया।

मार्च में गई थी मायके
विवेक की शादी मोरहूं की रहने वाली सपना के साथ करीब डेढ़ साल पहले हुई थी। मार्च की शुरुआत में सपना अपने मायके गई। वह प्रेग्नेंट थी। होली वाले दिन उसे बेटी पैदा हुई। तब से वह अपने मायके में ही थी।

दामाद को मारने का लगाया आरोप
सुबह करीब दस बजे सपना के मायके वाले शिवकुटी थाने पहुंच गए। मायके वालों ने पुलिस को तहरीर आरोप लगाया कि विवेक यादव को उसके घरवालों ने मार दिया। जिस पर पुलिस ने विवेक के घरवालों को बुलाया। करीब दो घंटा तक थाने में पंचायत चलती रही। विवेक की तरफ से आए मोहल्ले वालों ने कहा कि अभी अंतिम संस्कार हो जाने दीजिए, कार्रवाई के लिए फिर बहुत समय मिलेगा। इस पर मायके वाले चुप हो गए। दोनों पक्ष थाने से गए तो पुलिस ने पंचायतनामा भरकर बॉडी को मोर्चरी भेजा। मोर्चरी से पोस्टमार्टम के बाद विवेक की बॉडी घर लाई गई तो उसे अंतिम विदाई देने के लिए पत्नी सपना अपनी बेटी और मायके वालों के साथ पहुंची। घटना से विवेक के घरवालों का रो रोकर बुरा हाल हो गया।

रसूलाबाद के विवेक ने रात में फांसी लगा ली। विवेक अपनी पत्नी सपना से मोबाइल पर बात कर रहा था। इस दौरान दोनों में कहासुनी हुई। जिस पर विवेक ने पत्नी को वीडियो कॉल किया। इसके बाद फांसी पर लटक गया। पत्नी सपना के घरवालों ने विवेक को मारने का आरोप उसके घरवालों पर लगाया है। मामले की जांच करके उचित कार्रवाई की जाएगी।
- संजय गुप्ता, थाना प्रभारी शिवकुटी