प्रयागराज। नैनी के महेवा पश्चिम गांव में एक युवक की हत्या कर दी गई। घटना सोमवार शाम को हुई। युवक अपने साथी के साथ होली की मस्ती में घूम रहा था। दोनों ने शराब पी रखी थी। अचानक युवक के सिर पर उसके साथी ने ईंट से वार करना शुरू कर दिया। सिर पर ईंट से कई वार होने से युवक की मौत हो गई। हत्या करने के बाद युवक का साथी भाग निकला। सूचना पर पुलिस पहुंची। मगर युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी। मंगलवार को सीसीटीवी से युवक की पहचान हुई। दोपहर में घरवाले भी आ गए। सीसीटीवी फुटेज से युवक की हत्या करने वाले उसके साथी की पहचान हो गई है। पुलिस आरोपित को तलाश रही है।

ईंट से कूंच दिया सिर

सोमवार शाम को महेवा पश्चिम गांव के पास एक युवक की खून से सनी बॉडी मिली। लोगों ने बॉडी को देखा तो पुलिस को सूचना दी। शाम को घटना होने की वजह से पुलिस ने बॉडी कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। उस समय युवक की पहचान नहीं हो सकी। दूसरे दिन मंगलवार सुबह पुलिस दोबारा घटना स्थल पर पहुंची। घटना से कुछ दूर पर सीसीटीवी कैमरा लगा था। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को देखा। सीसीटीवी फुटेज को आसपास के लोगों को दिखाया गया। इस पर युवक की पहचान हो गई। मारा गया युवक रमाकांत उर्फ कल्लू बदहा कौंधियारा का रहने वाला था। वह महेवा पश्चिम पट्टी गांव में रहकर मजदूरी करता था। इस दौरान उसके साथ रहे साथी की भी पहचान हो गई। पुलिस अब आरोपित की तलाश कर रही है। पुलिस को पता चला कि रमाकांत का मोबाइल गायब हो गया था। जिस पर रमाकांत अपने साथी पर मोबाइल गायब करने का आरोप लगाया था। अंदेशा है कि मोबाइल के विवाद में ही रमाकांत का मर्डर किया गया है।

कोट

रमाकांत का मोबाइल खो गया था। मोबाइल खोने का आरोप रमाकांत ने अपने दोस्त पर लगाया था। इसी चक्कर में युवक ने रमाकांत की हत्या कर दी। आरोपित की तलाश की जा रही है।

यशपाल सिंह, इंस्पेक्टर नैनी