प्रयागराज ब्यूरो । गाड़ी खड़ी का विवाद इस कदर बढ़ा कि बात मरने मारने तक पहुंच गई। एयरपोर्ट थाना एरिया में एक युवक को गोली मार दी गई। घटना गांजा गांव के पास पावर हाउस रोड पर हुई। युवक को नहीं मालूम था कि मामूली झगड़ा इतना बढ़ जाएगा कि विरोधी उसकी जान के दुश्मन बन जाएंगे। युवक को घेरकर गोली मारी गई। लबे सड़क फायरिंग से हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। युवक को एसआरएन में भर्ती कराया गया है। युवक के चाचा ने आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन लोगों को नामजद करते हुए दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।

ये है मामला

एयरपोर्ट एरिया के गांजा गांव के रहने वाले रामबहादुर सिंह और कल्लू सिंह का परिवार अगल बगल रहते हैं। 24 मई की रात करीब दस बजे रामबहादुर सिंह का भतीजा जैनेंद्र सिंह घर के बाहर सड़क पर गाड़ी खड़ी कर रहा था। इस बात को लेकर पड़ोसी कल्लू सिंह के भाई मोनू सिंह ने विवाद हो गया। दोनों के बीच तूतू मैंमैं झगड़े में तब्दील हो गई। घटना के वक्त दोनों के परिवार वालों ने किसी तरह बीच बचाव कर मामला शांत करा दिया। मगर मोनू सिंह ने घटना को दुश्मनी मान लिया।

युवक को घेरकर मारी गोली

जैनेंद्र सिंह अपने घर से कहीं जाने के लिए निकला। वह गांव के पास पावर हाउस वाली रोड पर जा रहा था। तभी उसे मोनू सिंह, कल्लू सिंह और कल्लू सिंह के बेटे अंश सिंह ने अपने दो साथियों के साथ जैनेंद्र को रोक लिया। हमलावरों ने जैनेंद्र को पहले मारापीटा। इसके बाद उसे गोली मार दी। गोली के छर््रे लगने से जैनेंद्र लहुलूहान होकर गिर पड़ा। सूचना पाकर पहुंची पुलिस जैनेंद्र को अस्पताल ले गई। घटना की जानकारी मिलने पर घरवाले भी रोते बिलखते अस्पताल पहुंंच गए। डाक्टरों ने जैनेंद्र का उपचार शुरू किया। जैनेंद्र की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। जैनेंद्र के चाचा रामबहादुर सिंह ने मोनू सिंह, कल्लू सिंह, अंश सिंह एवं दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।

गाड़ी खड़ी करने के विवाद में दो पक्षों में झगड़ा हुआ। इसके बाद जैनेंद्र सिंह को पर हमला किया गया। उस पर फायरिंग की गई। घायल युवक के चाचा की तहरीर पर आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपितों की तलाश की जा रही है।

अरुण कुमार सिंह, इंस्पेक्टर एयरपोर्ट थाना