प्रयागराज ब्यूरो । काल्विन अस्पताल से एक मासूम बच्चा गुम हो गया। मासूम अपने पिता के साथ आया था। दोनों काल्विन अस्पताल में थे। अचानक बच्चा गायब हो गया। शाहगंज थाने पहुंचकर पिता ने बेटे के गायब होने की बात बताई तो पुलिस एक्टिव हो गई। शाहगंज पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से चार घंटे में मासूम को खोज निकाला। पुलिस को मासूम बच्चा डफरिन अस्पताल में मिला।

ये है मामला
खुल्दाबाद के लकड़मंडी का रहने वाला मकरम सिंह डफरिन अस्पताल आया था। उसके साथ तीन साल का बेटा चंदन भी था। मकरम काउंटर पर पर्ची बनवाने लगा। तभी उसका बेटा चंदन गायब हो गया। भीड़ में चंदन अस्पताल से बाहर आ गया। उधर, लाइन में लगने के बाद मकरम जब पर्ची बनवा कर खाली हुआ तो उसका बेटे पर ध्यान गया। वह अपने बेटे को खोजने लगा। आधा घंटा बेटे को खोजा, जब वह नहीं मिला तो मकरम शाहगंज थाने पहुंच गया। थाने में शाहगंज इंस्पेक्टर वीरेंद्र सोनकर को मकरम ने बेटे के गुम होने की सूचना दी। इंस्पेक्टर ने फौरन दारोगा विवेक तिवारी और जसवंत सिंह की टीम को चंदन को खोजने के लिए लगाया। पुलिस की टीम ने फौरन आइट्रिपलसी से मदद ली। आइट्रिपलसी कंट्रोल रूम पुलिस लाइन में है। वहां पर चंदन की तस्वीर भेजी गई। इसके बाद कंट्रोल रूम में तैनात पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद चंदन डफरिन अस्पताल में पुलिस को मिला। पुलिस ने चंदन को उसके पिता मकरम के सुपुर्द कर दिया।


11 बजे मकरम काल्विन अस्पताल पहुंचा।
11.30 पर पर्ची बनवाकर मकरम का ध्यान बेटे पर गया।
12 बजे मकरम शाहगंज थाने पहुंचा।
12.10 पर पुलिस पुलिस टीम एक्टिव हुई।
12.20 पर पुलिस ने आइट्रिपलसी से सम्पर्क किया।
4 बजे मासूम चंदन मिला डफरिन अस्पताल में।