25 लाख बरामद होने की चर्चा, पैसे के लेन-देन का मामला

मुंबई पुलिस ने शुक्रवार से शनिवार के बीच प्रयागराज के फूलपुर और प्रतापगढ़ के फतनपुर थाना क्षेत्र में दो युवकों को धर दबोचा। प्रतापगढ़ निवासी युवक के घर से 25 लाख रुपये बरामद हुए हैं। कई तरह की चर्चाएं उड़ रही हैं। इनमें एक यह भी है कि एक युवक का संपर्क पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आइएसआइ से है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।

महाराष्ट्र में चलाता है टैक्सी

फतनपुर थाना क्षेत्र में भीट गांव निवासी ब्राह्मण परिवार का युवक महाराष्ट्र के थाणे जिले के उपनगर कल्याण में टैक्सी चलाता है। पत्नी व बच्चे भी साथ रहते हैं। युवक सप्ताह भर पहले अपनी दादी की तेरहवीं में शामिल होने गांव आया था। शुक्रवार को फूलपुर में रहने वाले एक रिश्तेदार ने उसे बुलाया। वहां मौजूद मुंबई पुलिस ने उसे पकड़ लिया। शनिवार को दोपहर युवक व उसके रिश्तेदार को लेकर मुंबई पुलिस भीट गांव पहुंची और 25 लाख रुपये की बरामद किए। कुछ ग्रामीणों ने टैक्सी चालक को ले जाने का विरोध किया तो मुंबई से आए पुलिस वालों ने बताया कि टैक्सी चालक फर्जी पासपोर्ट व आइडी से जुड़ा है। पाकिस्तान जाने वालों के लिए कूटरचित दस्तावेज बनाता है। गांव की प्रधान रीता देवी के पति रामजस का कहना है कि मुंबई पुलिस युवक को ले गई है। मामला पैसे के लेनदेन का है। उधर थानाध्यक्ष फतनपुर इंद्रदेव व सीओ रानीगंज अतुल अंजान त्रिपाठी ने ऐसी किसी कार्रवाई से इन्कार किया है।

इतना भर पता चला है कि पैसे के लेनदेन से जुड़े विवाद में प्रयागराज व प्रतापगढ़ के दो युवकों को मुंबई पुलिस पकड़कर ले गई है। इनके किसी विदेशी एजेंसी से संपर्क होने की पुष्टि नहीं हुई है।

केपी सिंह, आइजी रेंज