बिगहिया गांव के पास हमलावरों ने मारी गोली, इलाज बाद बताया गया खतरे से बाहर

प्रापर्टी डीलर की हत्या के मामले में तीन माह पूर्व जमानत पर छूट कर आया था घर

ALLAHABAD: हत्या के मामले में तीन माह पूर्व जमानत पर छूट कर आए सपा नेता गजराज सिंह पटेल को घूरपुर क्षेत्र स्थित बिगहिया गांव के पास शुक्रवार की रात गोली मार दी गई। गोली लगते ही वे शोर मचाते हुए जमीन पर गिर पड़ा। यह देख हमलावर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। उसकी आवाज सुन कर आस पास के लोग दौड़ पड़े और सूचना पुलिस को दी। खबर मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे स्थानीय सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां वह खतरे से बाहर बताया गया। खबर लिखे जाने तक मामले में घायल की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी जा सकी थी।

पुलिस को तहरीर का इंतजार

तीन साल पहले हुई एक प्रापर्टी डीलर की हत्या के मामले में घूरपुर थाना क्षेत्र के बादलगंज निवासी सपा नेता गजराज सिंह पटेल जेल में था। करीब तीन माह पूर्व वह जमानत छूट कर घर आया था। शुक्रवार की सुबह वह ससुराल गया हुआ था। वहां से लौटते समय बिगहिया गांव के पास जैसे ही पहुंचा कि हमलावरों ने उस पर तमंचे से फायर झोंक दिया। गोली के छर्रे उसके हाथ व पांव में जा धंसे। जिससे वे शोर मचाते हुए लड़खड़ा कर जमीन पर गिर पड़ा। उसकी आवाज सुन कर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सूचना पुलिस को दिए। खबर मिलते ही पहुंची घूरपुर पुलिस घायल सपा नेता को अस्पताल में भर्ती कराई। जहां देर रात उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई। पुलिस के मुताबिक देर रात तक घायल पक्ष की तरफ से कोई तहरीर थाने में नहीं जा सकी थी। एसओ ने कहा कि तहरीर मिलने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।